बुलंद सोच, जबलपुर।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने जबलपुर समेत डिंडौरी और सतना में अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान गोवर्धन घी, ब्राउन चना और मिर्च पाउडर के कुल छह नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, सभी छह नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान जबलपुर के धन्वंतरि नगर स्थित ब्लिंकिट स्टोर से गोवर्धन ब्रांड घी का नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के अनुसार, इस स्टोर से लगभग 12 हजार रुपये कीमत का गोवर्धन घी जब्त किया गया है। जब्त किए गए घी की गुणवत्ता की पुष्टि प्रयोगशाला जांच के बाद होगी।
शहरभर से देशी घी के नमूने लिए गए। ग्रीन सिटी स्थित राहुल सेल्स से पारस घी का नमूना लिया गया। वहीं, अधारताल स्थित विशाल मेगा मार्ट से प्योर बेस्ट और नमस्ते इंडिया ब्रांड के घी के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। इसी प्रतिष्ठान से ब्राउन चना और मिर्च पाउडर के नमूने भी लिए गए। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि संबंधित खाद्य उत्पाद निर्धारित गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं।
सतना में गोवर्धन घी का स्टॉक जब्त
सतना में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने दो स्थानों पर कार्रवाई करते हुए गोवर्धन ब्रांड के घी का एक लाख रुपए से अधिक कीमत का स्टॉक जब्त कर सीज कर दिया। मिलावट की आशंका के चलते अधिकारियों ने पंजाबी कॉलोनी स्थित सुपर स्टॉकिस्ट श्रीराम एंटरप्राइजेज और इंस्टा कार्ट के डार्क स्टोर से घी के नमूने लिए हैं। सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक बिहारी गौर ने पंजाबी कॉलोनी स्थित श्रीराम एंटरप्राइजेज का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान यहां गोवर्धन घी के पांच अलग-अलग नमूने लिए गए। विभाग के अनुसार, पूर्व में जांचे गए गोवर्धन घी के एक नमूने की रिपोर्ट असुरक्षित पाई गई थी। इसके बाद अधिकारियों ने प्रतिष्ठान में उपलब्ध लगभग 69 हजार रुपए कीमत के गोवर्धन घी के पूरे स्टॉक को सीज कर दिया।
दोनों स्थानों से लिए गए नमूनों की रिपोर्ट आने तक संबंधित स्टॉक की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होगी। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में घी मिलावटी, असुरक्षित या निर्धारित गुणवत्ता मानकों के विपरीत पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
डिंडौरी में मिलावट की आशंका पर सघन जांच
डिंडौरी में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया द्वारा गठित टीम ने मानव स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिले में दूध और दुग्ध उत्पादों में मिलावट की आशंका के मद्देनजर खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच की। जांच के दौरान प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए तथा आवश्यकतानुसार जब्ती की कार्रवाई की गई।
जांच दल द्वारा भाई किशोर कुमार-मुकेश कुमार, मेन रोड डिंडौरी, गुरु नानक किराना पुरानी डिंडौरी और मीना सुपर बाजार डिंडौरी का निरीक्षण किया गया। कुल तीन किराना प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। पुरानी डिंडौरी स्थित साहू किराना स्टोर से डीएफ गोल्ड काउ घी और औषधा ब्रांड का कुल 41.7 लीटर घी अनुमानित कीमत 30,405 रुपये जब्त किया गया।
नायब तहसीलदार समनापुर और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी द्वारा भी किराना दुकानों की जांच की गई। जांच दल ने ग्राम मानिकपुर स्थित रोहित किराना स्टोर व समनापुर स्थित संजय किराना स्टोर सहित कुल तीन किराना प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता व उपलब्धता की जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई।
जांच दल द्वारा संबंधित घी के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा आमजन के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, मिलावट के विरुद्ध जांच व कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही गई है। इस दौरान एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन, तहसीलदार शशांक शेण्डे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

