बुलंद सोच, उज्जैन।
सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय की खिलाड़ियों ने नेपाल में आयोजित इंटरनेशनल बैडमिंटन डबल्स प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। फाइनल मुकाबले में भारत की इन खिलाड़ियों ने चीन की टीम को हराकर यह उपलब्धि हासिल की। यह इंटरनेशनल प्रतियोगिता पिछले पांच दिनों से नेपाल में चल रही थी, जिसका फाइनल सोमवार रात संपन्न हुआ।
इस प्रतियोगिता में उज्जैन की विधि शर्मा और उत्कर्षा पाल ने गोल्ड खिताब जीता। खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में तराना निवासी विधि शर्मा और उज्जैन निवासी उत्कर्षा पाल का चयन हुआ था।
इंडो-नेपाल इंटरनेशनल टूर्नामेंट के लिए चयनित इन दोनों खिलाड़ियों ने पहले क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया को हराया। इसके बाद, उन्होंने सेमीफाइनल में मलेशिया को पराजित किया और अंततः फाइनल में चीन की टीम को हराकर स्वर्ण पदक जीता।
इंटरनेशनल बैडमिंटन डबल्स प्रतियोगिता में स्वर्ण जीतने वाली विधि शर्मा ने बताया कि इंडो-नेपाल इंटरनेशनल टूर्नामेंट का आयोजन 7 अगस्त से 11 अगस्त तक किया गया था। इस प्रतियोगिता में कुल 25 देशों की टीमों ने भाग लिया था।
जानकारी के अनुसार, विधि शर्मा और उत्कर्षा पाल दोनों ही सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में योग विषय से एमए कर रही हैं। बैडमिंटन में दोनों की रुचि शुरुआत से ही रही है और वे कई बार विश्वविद्यालय की ओर से राष्ट्रीय खेलों में भी हिस्सा ले चुकी हैं। विधि शर्मा ने यह भी बताया कि इंडो-नेपाल इंटरनेशनल टूर्नामेंट के लिए उनका चयन दिल्ली में खेलो इंडिया के तहत हुआ था, जिसके बाद उन्होंने ओपन टूर्नामेंट खेले।
विधि शर्मा के पिता मुकेश शर्मा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए अत्यंत खुशी का दिन है, क्योंकि उनकी बेटी ने न केवल उनका, बल्कि पूरे भारत का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि यह विधि शर्मा का इंटरनेशनल बैडमिंटन डबल्स प्रतियोगिता में जीता गया पहला स्वर्ण खिताब है।
मुकेश शर्मा ने आगे बताया कि विधि शर्मा 15 अगस्त को उज्जैन पहुंचेंगी, जहां उनका और उनकी पार्टनर उत्कर्षा पाल का भव्य स्वागत किया जाएगा।

