बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर में एक 22 वर्षीय फोटोग्राफर ने आत्महत्या कर ली। उसने अपने सुसाइड नोट में 20 साल बड़ी भाभी से एकतरफा प्रेम को इसकी वजह बताया है।
मृतक की पहचान फोटोग्राफर मोंटी मोरे के रूप में हुई है, जो सिकंदर कंपू के गड्ढा वाला मोहल्ला में रहता था।

मोंटी ने गुरुवार शाम को अपने घर में आत्महत्या की। घटना का खुलासा तब हुआ जब उसकी बहन पल्लवी कमरे में पहुंची और मोंटी को फंदे पर लटका देखा। पल्लवी की चीख सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
गिरवाई थाना पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि 10वीं पास मोंटी, रिश्ते की 42 वर्षीय भाभी से एकतरफा प्रेम करता था।
सुसाइड नोट की शुरुआत ‘सॉरी’ लिखकर की गई है। इसमें मोंटी ने लिखा है, “मम्मी, दीदी मैं आप सबको छोड़कर जा रहा हूं। मुझे माफ कर देना। इसकी वजह सिर्फ शशि (बदला हुआ नाम) है। मैं उससे बहुत प्यार करता हूं और उसके बिना नहीं रह सकता। वह मुझे नहीं मिली, इसलिए मैं अपनी जिंदगी खत्म कर रहा हूं।”
नोट में आगे लिखा है, “शशि को बता देना कि मैं उससे बहुत प्यार करता था और हमेशा करता रहूंगा। मैं उसी के प्यार में मर रहा हूं। उसे बता देना कि अब मैं इस दुनिया में नहीं हूं लेकिन मेरे कारण उसे कोई कुछ मत कहना।” मोंटी ने सुसाइड नोट में भाभी का मोबाइल नंबर भी लिखा है और ‘मेरी जान’ तथा ‘आई लव यू’ जैसे शब्द भी इस्तेमाल किए हैं।
सुसाइड नोट के आखिर में उसने लिखा, “तुम सबको मैं इतना बुरा लगता था, इसलिए जा रहा हूं। मम्मी, तुम कहती थीं न कि मर जा, तो लो मैं मर रहा हूं।” इसके बाद उसने जोड़ा, “शशि, तुमने मुझे नहीं समझा। मेरी मौत की जिम्मेदार तुम हो। मरने के बाद मुझे इंसाफ चाहिए। बाकी सब लोग मुझे माफ कर देना।”
पुलिस ने बताया कि मोंटी 42 वर्षीय भाभी से प्रेम करता था और उसके इनकार करने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और महिला से भी पूछताछ करेगी।

