BREAKING NEWS
2026-08-01

पन्ना जिला अस्पताल की SNCU में एक माह में 22 बच्चों की मौत

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, पन्ना।

पन्ना जिला अस्पताल की नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (SNCU) एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में आ गई है। यहां पिछले एक महीने के दौरान जन्म से लेकर एक वर्ष तक की उम्र के 22 मासूम बच्चों की मौत हो गई है, जिससे हड़कंप मच गया है। इन लगातार हो रही मौतों के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं, इलाज की गुणवत्ता और जिम्मेदारी को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक माह में 22 बच्चों की मौत हुई है। यह संख्या सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया, वहीं लगातार हो रही मौतों ने परिजनों की चिंता भी बढ़ा दी है।

Advertisement

CMHO द्वारा निरीक्षण और निर्देश

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी राजेश प्रसाद तिवारी स्वयं जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने SNCU वार्ड का निरीक्षण किया और डॉक्टरों व स्टाफ से उपचार व्यवस्था, उपलब्ध संसाधनों, दवाइयों, उपकरणों तथा स्टाफ की स्थिति की जानकारी ली। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने सभी मामलों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश भी दिए।

स्वास्थ्य विभाग का पक्ष और परिजनों की मांग

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी राजेश प्रसाद तिवारी का कहना है कि SNCU में भर्ती होने वाले अधिकांश बच्चे गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के साथ रेफर होकर आते हैं। उन्होंने बताया कि सभी मामलों की जांच की जा रही है और प्रत्येक मौत के कारणों की विस्तृत समीक्षा के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी ओर, परिजनों का कहना है कि अस्पताल में बेहतर इलाज और पर्याप्त सुविधाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

जांच जारी, कारणों का इंतजार

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर एक महीने में 22 मासूमों की मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या हैं। यह स्पष्ट होना बाकी है कि क्या सभी मौतें केवल गंभीर चिकित्सकीय स्थितियों के कारण हुईं या फिर अस्पताल की व्यवस्थाओं में भी कहीं कोई कमी रही। इन सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने पूरे मामले की समीक्षा शुरू कर दी है और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।