बुलंद सोच, ग्वालियर।
शहर के मुरार इलाके में एक वृद्धा के साथ दिनदहाड़े ठगी की घटना हुई है। यह घटना तब हुई जब कृष्णापुरी इलाके में रहने वालीं उजाला बाथम पत्नी संजय कुमार बाथम सामान खरीदने के लिए बाजार गई थीं। ठग महिला की सोने की चेन, कान के बाले, मंगलसूत्र और अंगूठी उतरवा ले गए हैं। वृद्धा सब्जी मंडी के पास पहुंचीं, तभी रास्ते में एक युवक मिला जिसके हाथ में थैला था। युवक ने वृद्धा से एटीएम बूथ के बारे में पूछा, जिस पर वृद्धा ने कहा कि उसे नहीं पता कि एटीएम कहां है। इसके बाद वह युवक वृद्धा के साथ ही बात करता हुआ चलने लगा। आगे एक दूसरा युवक मिला, जिसने पहले वाले युवक को रोका और पूछा कि उसके बैग में क्या है। जब वृद्धा भी रुक गई, तो बैग खोला गया जिसमें नोटों की गड्डियां दिखीं; इन गड्डियों में ऊपर असली नोट लगे थे जबकि नीचे कागज की कतरन लगी थी। फिर दूसरे युवक ने वृद्धा से कहा कि यह व्यक्ति सीधा लग रहा है, मिलकर इसका पैसा ले लेते हैं। वृद्धा भी उन युवकों के पीछे-पीछे चलने लगी। आगे एक और महिला उनसे मिल गई। महिला और उस युवक ने वृद्धा से कहा कि थैले में काफी रुपये हैं, और अगर वह अपने गहने उतारकर दे दें तो यह रुपये ले लेंगे। वृद्धा भी उनके झांसे में आ गई और उसने सोने की चेन, कान के बाले, मंगलसूत्र और अंगूठियां उतारकर दे दीं। ठगों ने नोट की गड्डियों वाला थैला वृद्धा को दिया और वहां से चले गए। वृद्धा ने जब थैला खोला तो उसमें गड्डियां तो निकलीं, लेकिन इनमें सिर्फ ऊपर असली नोट थे और अंदर कागज की कतरन निकलीं।
पुलिस कार्रवाई
वृद्धा अपने घर पहुंची और स्वजनों को इस घटना के बारे में बताया। इसके बाद वे लोग मुरार थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। ठगों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। पुलिस ठगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

