BREAKING NEWS

जबलपुर में स्कूल छात्रा से दुष्कर्म, आरोपी नीलेश चौबे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र में एक स्कूल में पढ़ रही किशोरी का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। इस मामले में मदर टेरेसा नगर निवासी आरोपी नीलेश चौबे को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी नीलेश चौबे को बुधवार को न्यायालय के निर्देश पर जेल भेज दिया गया है।

Advertisement

घटनाक्रम का विवरण

निजी स्कूल में हायर सेकेंडरी की छात्रा की आरोपी नीलेश चौबे से कुछ समय से जान-पहचान थी और दोनों में बातचीत होती थी। मंगलवार को जब किशोरी घर से स्कूल जा रही थी, तब नीलेश स्कूल के बाहर मिला और उसने किशोरी को स्कूल जाने से रोक लिया। आरोपी ने अपनी बातों में फंसाकर और डरा-धमकाकर किशोरी को अपने घर ले गया तथा उस पर स्कूल की गणवेश बदलने के लिए दबाव बनाया। परिधान बदलने के बाद आरोपी उसे घुमाने का बोलकर विजय नगर स्थित एआर कैफे एंड रेस्टोरेंट ले गया, जहां उसने कैफे में एक कमरा किराए पर लिया। किराए के कमरे में आरोपी ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया, जिसके दौरान छात्रा को रक्तस्त्राव होने लगा और उसका स्वास्थ्य बिगड़ने लगा। घटना के बाद आरोपी किशोरी को अपने साथ स्कूल तक ले गया और उसे गेट के बाहर छोड़कर भाग गया।

परिजनों को जानकारी और पुलिस कार्रवाई

स्कूल के अवकाश के समय के काफी देर बाद तक किशोरी घर नहीं पहुंची, तो परिजन परेशान हुए और उसकी तलाश करते हुए स्कूल पहुंचे। किशोरी स्कूल के बाहर मिली, वह दर्द और कमजोरी महसूस कर रही थी, जिस पर परिजन ने उसे अस्वस्थ समझकर पूछताछ की तो उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। परिजन किशोरी को तुरंत माढ़ोताल थाने लेकर पहुंचे, जहां पुलिस ने अस्वस्थ किशोरी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने किशोरी के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनाक्रम से जुड़े कैफे के फुटेज भी देख रही है।