BREAKING NEWS
2026-08-04

हमीदिया अस्पताल परिसर में अनियंत्रित एम्बुलेंस ने 18 माह की बच्ची सहित 7 लोगों को रौंदा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

हमीदिया अस्पताल परिसर में इमरजेंसी वार्ड के बाहर तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ रही एक एम्बुलेंस ने एक महिला सहित सात लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक के नशे में होने की आशंका जताई है। पुलिस ने एम्बुलेंस जब्त कर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Advertisement

हादसे का विवरण

पुलिस के अनुसार, ईटखेड़ी के अरवलिया निवासी पूजा अहिरवार (29) अपने पति रितिक अहिरवार का इलाज कराने जेठ दुलीचंद अहिरवार के साथ हमीदिया अस्पताल आई थीं। शनिवार शाम करीब 7:40 बजे उनके पति और जेठ अस्पताल के अंदर थे, जबकि पूजा इमरजेंसी वार्ड के बाहर गेट के पास सामान के साथ खड़ी थीं। इसी दौरान एक सरकारी एम्बुलेंस का चालक तेज गति से वाहन चलाते हुए पहुंचा और पूजा को टक्कर मार दी, जिसकी चपेट में आसपास खड़े अन्य लोग भी आ गए। हादसे में पूजा के सिर और दाहिने पैर में चोट आई। इसके अलावा, सोनू रैकवार (30) के पैर, 18 माह की आलिया के सिर, मुस्तकीन (6) के पैर, नीतू रैकवार (35) की कमर, सबीना खान (30) के सिर और गुड्डी अहिरवार (45) के दाहिने पैर में चोटें आईं। सभी घायलों का अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने एम्बुलेंस चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर लोगों को घायल करने का मामला दर्ज किया है और चालक की तलाश जारी है।