बुलंद सोच, भोपाल।
बुधवार का दिन मध्य प्रदेश के लिए प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा। 1991 बैच के आईएएस अधिकारी अशोक बर्णवाल को प्रदेश का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, 1989 बैच के आईएएस अधिकारी अनुराग जैन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाले नीति आयोग का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बनाया गया।
वर्तमान में श्री बर्णवाल अपर मुख्य सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के पद पर कार्यरत हैं। नियुक्ति के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की।
देश में नीति निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नीति आयोग में मध्य प्रदेश के अनुराग जैन की नियुक्ति की संभावना काफी दिनों से लगाई जा रही थी। उन्हें 3 अक्टूबर, 2024 को प्रदेश का मुख्य सचिव बनाया गया था।
श्री जैन 31 अगस्त 2025 को सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन भारत सरकार ने उन्हें एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया था। इस अवधि के पूरा होने से पहले ही उन्हें नीति आयोग में सीईओ बना दिया गया।
प्रदेश में नए मुख्य सचिव के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अशोक बर्णवाल का चयन किया है। श्री बर्णवाल जनवरी 2027 में सेवानिवृत्त होंगे।
मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल का परिचय
अशोक बर्णवाल को बेदाग छवि वाले, लक्ष्य की पूर्ति करने वाले और तेजतर्रार अधिकारी के रूप में जाना जाता है। सूत्र बताते हैं कि वे नीति आयोग के सीईओ बनाए गए अनुराग जैन के भरोसेमंद अधिकारी रहे हैं और जैन की सिफारिश पर ही उन्हें मुख्य सचिव बनाया गया है।
उन्हें स्वास्थ्य, वन, पर्यावरण, कृषि, पिछड़ा वर्ग कल्याण और प्रशासन से जुड़े विभिन्न जटिल विभागों का कुशलतापूर्वक संचालन करने का 35 वर्षों का लंबा अनुभव है। तकनीकी और प्रबंधकीय योग्यता में भी उन्हें महारत हासिल है। उन्होंने बीटेक (माइनिंग इंजीनियरिंग) के साथ-साथ पब्लिक पॉलिसी एंड मैनेजमेंट में उच्च शिक्षा प्राप्त की है। उनकी यह पृष्ठभूमि नीतिगत चुनौतियों को तकनीकी और रणनीतिक दृष्टिकोण से हल करने में मददगार साबित होती है।
जटिल क्षेत्रों में पीपुल-फर्स्ट अप्रोच के चलते वर्तमान में वे अपर मुख्य सचिव (लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा) जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत हैं। स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण, खाद्य सुरक्षा आयुक्त और भोपाल गैस त्रासदी राहत कार्यों जैसे संवेदनशील मामलों में उनके जनहित-प्रथम कार्यशैली के रिकॉर्ड को देखते हुए सरकार ने उन पर भरोसा जताया है।
अशोक बर्णवाल उन अधिकारियों में से हैं जो दो मुख्यमंत्रियों के प्रमुख सचिव रहे हैं। अगस्त 2016 में शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें अपना प्रमुख सचिव बनाया था और 2018 में जब कमल नाथ के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनी तब भी वे प्रमुख सचिव थे।
मंत्रालय में बदलाव
अनुराग जैन के बाद प्रदेश में सबसे वरिष्ठ अधिकारी 1990 बैच के अपर मुख्य सचिव (जल संसाधन) डॉ. राजेश कुमार राजौरा हैं। चूंकि, श्री बर्णवाल 1991 बैच के अधिकारी हैं, इसलिए डॉ. राजौरा की मंत्रालय से विदाई होगी। अब तक ऐसा ही होता आया है ताकि कार्य संचालन में मुख्य सचिव को कोई परेशानी न हो।
नीति आयोग के सीईओ अनुराग जैन का अनुभव
1989 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अनुराग जैन केंद्रीय मंत्रालयों में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के सचिव, उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग के सचिव और प्रधानमंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
श्री जैन जनधन योजना के सूत्रधार थे। बुनियादी ढांचे के विकास, औद्योगिक विकास, लॉजिस्टिक्स और शासन सुधारों में उनके बेहतरीन ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए सरकार ने उन्हें देश के इस शीर्ष नीति नियामक थिंक-टैंक की कमान सौंपी है।
पिछले कुछ महीनों से कयास लगाए जा रहे थे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पसंद के चलते उन्हें नीति आयोग या पीएमओ में पदस्थ किया जा सकता है।
टी पार्टी का आयोजन
इसे संयोग कहा जाए या पूर्वानुमान, अनुराग जैन को नीति आयोग में सीईओ बनाने का आदेश सार्वजनिक होने से ठीक पहले उन्होंने एक टी पार्टी आयोजित की। इसमें सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव और विभागाध्यक्षों को आमंत्रित किया गया था।
सूत्रों का कहना है कि आयोजन की सूचना पहले आ गई थी और मुख्य सचिव के नीति आयोग में पदस्थ होने की खबर बाद में आई। यह आयोजन नए पदोन्नति नियम के क्रियान्वयन में विभागों द्वारा दिखाई गई तेजी के साथ यूसीसी बिल सहित अन्य कार्यों के ठीक से संपन्न होने के उपलक्ष्य में किया गया था।
