BREAKING NEWS
2026-07-29

इंदौर हत्याकांड: आरोपी पति का कटा सिर गंजबासौदा में मिला, डीएनए परीक्षण से होगी पहचान

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, विदिशा।

इंदौर के चर्चित उर्मिला सैनी हत्याकांड में एक नया मोड़ सामने आया है। अपनी पत्नी की हत्या के बाद से फरार चल रहे आरोपी पति अखिलेश सैनी का कथित धड़ गंजबासौदा के रेलवे ट्रैक पर मिला था। अब पुलिस को सात दिन बाद एक मानव सिर (कंकाल) प्राप्त हुआ है। पुलिस डीएनए टेस्ट के माध्यम से इस बात की पुष्टि करेगी कि यह सिर और धड़ आरोपी अखिलेश सैनी के ही हैं या नहीं।

Advertisement

मामले की पृष्ठभूमि और पुलिस जांच

ज्ञात हो कि 11 जुलाई को इंदौर में पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी की उनके ही घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इसके बाद 19 जुलाई को गंजबासौदा रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर एक बिना सिर का धड़ मिला था। पुलिस को आधार कार्ड और एक सुसाइड नोट से यह जानकारी मिली थी कि यह शव अखिलेश का हो सकता है। 20 जुलाई को अखिलेश के पिता ने दस्तावेजों और कपड़ों के आधार पर इस धड़ की पहचान अपने बेटे अखिलेश के रूप में की थी। सिर न मिलने के कारण मामले की आगे की जांच रुकी हुई थी।
इस मामले की जांच कर रहे उप निरीक्षक बीएल मालवीय के अनुसार, 24 जुलाई को दोपहर लगभग 2 बजे ग्रामीणों ने सूचना दी कि महागौर गांव के पास रेलवे ट्रैक से लगभग 500 मीटर दूर एक खेत में एक मानव सिर पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सिर को अपने कब्जे में ले लिया।
यह सिर पूरी तरह गल चुका था और उस पर केवल हड्डियों का ढांचा शेष था। मांस न होने के कारण चेहरा पहचानना असंभव था, जिसके बाद पुलिस ने धड़ और सिर दोनों के डीएनए परीक्षण का निर्णय लिया है। खेत से सिर मिलने के बाद पुलिस को उम्मीद है कि डीएनए रिपोर्ट आने पर यह रहस्य पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगा कि क्या आरोपी अखिलेश ने अपनी पत्नी की हत्या के बाद आत्महत्या कर ली थी।