बुलंद सोच, खंडवा।
सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खंडवा पहुंचे और श्रीदादाजी समाधि के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने टिक्कड़ के साथ लड्डू प्रसाद ग्रहण किया। मुख्यमंत्री ने टिक्कड़ का स्वाद चखकर कहा, “मजा आ गया”।
मुख्यमंत्री लगभग 20 मिनट तक दादाजी दरबार में रहे। इस अवधि में उन्होंने बड़े दादाजी, छोटे दादाजी और मां नर्मदा के मंदिर में दर्शन किए, साथ ही धूनी माई में आहुति भी डाली।
निर्माणाधीन मंदिर का अवलोकन
इसके बाद, मुख्यमंत्री ने भक्त निवास परिसर में रखे निर्माणाधीन मंदिर के लिए लाए गए संगमरमर के सैंपल खंभे का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि श्री दादाजी दरबार में बाहरी आडंबर की बजाय आंतरिक शांति का अनुभव होता है।
मुख्यमंत्री ने संतोष व्यक्त किया कि मंदिर निर्माण को लेकर जो मत भिन्नता थी, उसे दूर करके बड़े और छोटे दादाजी का मंदिर मर्यादा को ध्यान में रखते हुए सब मिलकर बनाएंगे। मंदिर ट्रस्ट द्वारा मुख्यमंत्री को चादर प्रसादी भी भेंट की गई।
गुरु पूर्णिमा उत्सव की तैयारियां
ज्ञात हो कि श्री दादाजी दरबार में गुरु पूर्णिमा उत्सव 29 जुलाई को मनाया जाएगा। इस पर्व को लेकर दो दिन पहले से ही दरबार में श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
मुख्यमंत्री के समाधि दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश पर किसी तरह की रोक नहीं रही। श्रद्धालु निशान लेकर यहां दर्शन के लिए आते रहे।
राजनीतिक टिप्पणी
खंडवा में सीएम मोहन यादव ने इतिहास का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि उनकी नीति विभाजनकारी थी।

