BREAKING NEWS
2026-07-23

इंदौर में महालक्ष्मी नगर स्थित घर में दिनदहाड़े 14-15 लाख की चोरी, चार चोर सीसीटीवी में कैद

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत महालक्ष्मी नगर में एक मकान में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। इस वारदात में चोर लाखों का सामान लेकर फरार हो गए।

Advertisement

यह चोरी निजी कंपनी में कार्यरत भूपेंद्र पिता स्वर्गीय रामेश्वर गर्ग (44) के 112 महालक्ष्मी नगर स्थित निवास पर हुई।

फरियादी भूपेंद्र गर्ग के अनुसार, वह 17 जुलाई को सुबह लगभग नौ बजकर बीस मिनट पर कार्यालय के लिए घर से निकले थे। उनके भाई जितेंद्र, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, सुबह दस बजकर पंद्रह मिनट पर घर पर ताला लगाकर चले गए थे।

भूपेंद्र गर्ग शाम लगभग साढ़े छह बजे घर वापस लौटे, तब उन्होंने देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। घर के तीनों बेडरूमों की अलमारियों के ताले भी टूटे हुए थे।

सीसीटीवी फुटेज से खुलासा

चोरी की घटना का पता चलने के बाद तत्काल आसपास के मकानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। फुटेज से पता चला कि दोपहर लगभग 12 बजकर 50 मिनट से 1 बजकर 40 मिनट के बीच चार अज्ञात बदमाशों ने इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिखाई देता है कि दो व्यक्ति घर के बाहर निगरानी कर रहे थे, जबकि दो व्यक्ति घर के अंदर प्रवेश कर चोरी कर रहे थे। उपलब्ध फुटेज में चारों संदिग्धों के चेहरे भी साफ दिखाई दे रहे हैं।

उक्त वीडियो क्लिप थाना के व्हाट्सएप समूह पर उपलब्ध करा दी गई हैं।

चोरी गए सामान का विवरण

फरियादी गर्ग के अनुसार, चोरों ने घर के तीनों बेडरूमों की कुल पांच अलमारियों के ताले तोड़कर उनमें रखा कीमती सामान चुरा लिया। चोरी में लगभग 40 हजार रुपये नकद राशि शामिल है।

इसके अतिरिक्त, दो सोने की चेन, दो जोड़ी सोने के ईयररिंग्स, पांच सोने की अंगूठियां और लगभग तीन किलोग्राम चांदी का सामान, जिसमें चांदी के गिलास, कटोरियां, उपहार स्वरूप प्राप्त चांदी की वस्तुएं एवं चांदी के सिक्के आदि शामिल हैं, चुराए गए हैं। घर में रखी पुरानी एंटीक घड़ियां और अन्य मूल्यवान एंटीक वस्तुएं भी चोरी हुई हैं।

चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 14 से 15 लाख रुपये बताई गई है। विस्तृत रूप से सामान का मिलान करने पर चोरी गए अन्य सामान की जानकारी भी प्राप्त हो सकती है।

पुलिस जांच जारी

लसूड़िया पुलिस इस गंभीर प्रकरण की जांच कर रही है और आरोपितों की तलाश में जुटी है। फरियादी गर्ग ने पुलिस से निष्पक्ष, त्वरित एवं प्रभावी जांच करते हुए अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का अनुरोध किया है।