BREAKING NEWS
2026-07-23

नीट पेपर लीक: इंदौर में छात्रों का प्रदर्शन, पुलिस ने बिना अनुमति बताया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर के भंवरकुआं चौराहे पर नीट यूजी पेपर लीक मामले को लेकर युवाओं का विरोध तेज हो गया है। प्रदर्शन के दौरान दिनभर बड़ी संख्या में विद्यार्थी और युवा इकट्ठा हुए। वे परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। मंगलवार को प्रदर्शनकारी हाथों में पोस्टर, बैनर और तख्तियां लेकर पेपर लीक मामले में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस के मुताबिक, भंवरकुआं चौराहे पर चल रहा यह धरना बिना अनुमति के किया जा रहा है। साथ ही यह भी बताया गया कि प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों की वीडियोग्राफी कराई जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

Advertisement

देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की शिकायत

इंदौर में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) के स्कूल ऑफ एजुकेशन के विद्यार्थियों ने असिस्टेंट प्रोफेसर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिक्षिका द्वारा कक्षाएं नहीं लेने की बात सामने आई है, जिसके कारण पाठ्यक्रम पूरा नहीं हुआ है। फिर भी विद्यार्थियों पर परीक्षा के लिए दबाव बनाया जा रहा है। मामले में विद्यार्थियों ने कुलगुरु डॉ. राकेश सिंघई से शिकायत की है, जिसमें असिस्टेंट प्रोफेसर पर मानसिक दबाव और कक्षाएं नहीं लगाने की बात कही गई है। एमएड तीसरे सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परीनीता रत्नपारखी की शिकायत की है। छात्रों का कहना है कि वे विभाग में एजुकेशन एडमिनिस्ट्रेशन विषय पढ़ाती हैं, लेकिन उनकी एक भी कक्षा नहीं लगी है। इसके बारे में विभागाध्यक्ष डॉ. लक्ष्मण शिंदे को कई बार जानकारी दी गई है, मगर शिक्षिका विषय पढ़ाने को तैयार नहीं हैं। सिलेबस पूरा नहीं करने के बावजूद विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए दबाव बनाया गया। मगर छात्र-छात्राओं ने परीक्षा नहीं दी। इसके बाद शिक्षिका ने विद्यार्थियों को संबंधित विषय में फेल कर दिया है। छात्रों का कहना है कि अधिकांश विद्यार्थी यूजीसी-नेट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में शैक्षणिक विवाद और एटीकेटी के कारण उनके करियर पर असर पड़ने लगा है। छात्रों ने मंगलवार को कुलसचिव प्रज्वल खरे से शिकायत की है। उन्होंने कहा कि कुलगुरु से मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। मामले में विभागाध्यक्ष ने कहा कि शिक्षकों को कक्षाएं लगाने को लेकर कई बार नोटिस दिया गया है।

एमपी कांग्रेस का प्रदर्शन

राहुल गांधी की गिरफ्तारी पर एमपी कांग्रेस ने प्रदर्शन किया, जिसमें जीतू पटवारी समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया। रात भर चले घटनाक्रम के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।