BREAKING NEWS
2026-07-23

इंदौर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम न होने पर 17 भवनों पर 6.75 लाख का जुर्माना

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर नगर निगम द्वारा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अधिकारी विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, संस्थानों और भवनों का निरीक्षण कर रेन वाटर हार्वेस्टिंग व्यवस्था की जांच कर रहे हैं। जिन भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम नहीं लगे हैं, उन्हें सूचना पत्र जारी किए जा रहे हैं। जिन भवनों में अनिवार्य वर्षा जल संचयन प्रणाली स्थापित नहीं पाई गई या स्थापित होने के बावजूद वह चालू हालत में नहीं मिली, उनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को शहर के विभिन्न जोन में 17 भवनों एवं प्रतिष्ठानों पर 6.75 लाख रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। इनमें जोन तीन में सोनू क्रिएशन, श्रीनाथजी पाइप और दीपा ट्रेडर्स; जोन चार में केके दुबे कमर्शियल एवं गोपाल गोयल इंडस्ट्री; जोन सात में अरिहंत गर्ल्स हास्टल; जोन 10 में अपोलो क्रिएशन और समीक्षा कंस्ट्रक्शन; ज़ोन-11 में त्रिभुवन ज्वेलर्स और कल्याण ज्वेलर्स; ज़ोन-13 में ओशन हास्पिटल; ज़ोन-15 में रुक्मणी मोटर्स; ज़ोन-16 में अयोध्या हाइट्स एवं तिरुमाला; ज़ोन-17 में मार्स डेवलपर्स; ज़ोन-19 में वास्तु रियलिटी तथा ज़ोन-21 में डी-मार्ट (रेती मंडी) शामिल हैं। इंदौर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग के लिए 35 हजार भवनों को नोटिस जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, प्रतिदिन 100 रुपये तक के जुर्माने का भी प्रावधान है।

Advertisement

व्यापार लाइसेंस अभियान

नगर निगम के लाइसेंस विभाग द्वारा शहर में बिना वैध व्यापार लाइसेंस के चल रही दुकानों के विरुद्ध जांच अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को जवाहर मार्ग क्षेत्र में लाइसेंस की जांच की गई। इस दौरान जिन प्रतिष्ठानों के व्यापार लाइसेंस का नवीनीकरण लंबित पाया गया, उन्हें नियमानुसार तत्काल नवीनीकृत कराया गया। इस कार्रवाई में 55 व्यापार लाइसेंस का नवीनीकरण कर 62,812 रुपये वसूले गए। चार प्रतिष्ठानों में वैध व्यापार लाइसेंस नहीं पाए जाने पर उनकी दुकानों को सील कर दिया गया। नगर निगम शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष व्यापार लाइसेंस शिविर आयोजित करेगा। इन शिविरों में व्यापारी अपने नए व्यापार लाइसेंस बनवा सकेंगे।