BREAKING NEWS
2026-10-17

इंदौर: रेडिसन-रोबोट चौराहे पर फ्लाईओवर मंजूर, PMAY के तहत 2000 आवास बनेंगे

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) के संचालक मंडल की मंगलवार को हुई बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था सुगम बनाने, वर्षों से बाधक निर्माणों में उलझी प्रमुख सड़कों को पूरा करने और नए क्षेत्रों में विकास से जुड़े कई बड़े निर्णय लिए गए। यह बोर्ड बैठक आईडीए सभागृह में संभागायुक्त एवं आइडीए अध्यक्ष भास्कर लक्षकार की अध्यक्षता में आयोजित की गई थी। बैठक में कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल और आईडीए सीईओ परीक्षित झाड़े सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2000 आशियाने

करीब चार घंटे चली बैठक में सबसे अहम फैसला टीपीएस-8 में लगभग पौने पांच हेक्टेयर जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगभग दो हजार आवासीय यूनिट बनाने का रहा। इन आवासीय यूनिटों का उपयोग एमआर-12, एमआर-11 और अन्य प्रमुख परियोजनाओं में बाधक निर्माणों से प्रभावित परिवारों के विस्थापन के लिए किया जाएगा। इन निर्माणों पर करीब 519 करोड़ रुपये लागत प्रस्तावित है। एमआर-12 में लगभग 1200 बाधक निर्माण हैं, जबकि टीपीएस-11 क्षेत्र में 228 से अधिक निर्माण विकास में अड़चन बने हुए हैं।

यातायात जाम से मुक्ति की कवायद

पूर्वी रिंग रोड पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए बोर्ड ने रेडिसन चौराहा फ्लाईओवर के लिए 76.59 करोड़ रुपये और रोबोट चौराहा फ्लाईओवर के लिए 94.18 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी। इसके अलावा, आगरा-मुंबई बायपास से टीपीएस-5 को जोड़ने वाले एमआर-9 मार्ग के लिए 6.56 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। इन तीनों कार्यों पर गैर योजना मद में कुल 177.33 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

एरोसिटी परियोजना को गति

आईडीए ने योजना क्रमांक 172 के समीप की भूमि को एरोसिटी के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। एयरपोर्ट तक पहुंच के लिए 75 मीटर चौड़ी और करीब 1.5 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी। इसके लिए प्रारंभिक तौर पर 52.61 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। एरोसिटी से एयरपोर्ट के आसपास होटल, व्यावसायिक और अन्य गतिविधियों का विकास होगा, जिससे सुपर कॉरिडोर और आसपास के क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।

अन्य क्षेत्रों का विकास

एयरपोर्ट रोड स्थित योजना क्रमांक 172 के विकास कार्यों के लिए 240.93 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई। वहीं, मेघदूत उपवन से लगी करीब 3.83 हेक्टेयर भूमि के समग्र विकास की योजना तैयार करने के लिए 15 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। योजना क्रमांक 97 में भूमि अर्जन की प्रक्रिया से बाहर हुई भूमियों की वर्तमान स्थिति के निर्धारण और कृषि उपयोग की भूमियों के संबंध में अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने को लेकर शासन को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया।

भूखंड और प्रकोष्ठों की बिक्री

योजना 103 में बहुमंजिला भवन के 31 आवासीय प्रकोष्ठ बेचे जाएंगे। योजना 114 में नौ आवासीय प्रकोष्ठ बेचे जाएंगे। योजना 135 में आवासीय उपयोग के 106 भूखंड बेचे जाएंगे। योजना 59 पार्ट-2 में व्यावसायिक उपयोग के 21 भूखंड बेचे जाएंगे। योजना 136 में आवासीय उपयोग के 151 भूखंड बेचे जाएंगे। योजना 71 सेक्टर-ए में व्यावसायिक उपयोग के पांच भूखंड बेचे जाएंगे।

अन्य महत्वपूर्ण निर्णय

स्कीम 97 भाग-2 में विकास कार्यों के लिए 33.96 करोड़ रुपये की निविदा मंजूर की गई। अहिल्योत्सव के लिए आठ लाख रुपये के भुगतान को स्वीकृति मिली। झांकी निर्माण के लिए पांच गणेशोत्सव समितियों को तीन-तीन लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई।