BREAKING NEWS
2026-08-01

सांसद शंकर लालवानी रेल मंत्री से मिलेंगे, इंदौर-ऋषिकेश एक्सप्रेस को दैनिक करने की मांग

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर-ऋषिकेश एक्सप्रेस ट्रेन वर्तमान में सप्ताह में चार दिन संचालित होती है। उत्तराखंड सांस्कृतिक संस्था द्वारा इसे नियमित रूप से चलाए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। इंदौर से दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों का अत्यधिक दबाव रहता है। इस ट्रेन के नियमित होने से बड़ी संख्या में यात्रियों को राहत मिल सकती है।

Advertisement

इंदौर-ऋषिकेश एक्सप्रेस ट्रेन लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन से बुधवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को चलाई जा रही है। उत्तराखंड सांस्कृतिक संस्था के सदस्यों के अनुसार, यह ट्रेन इंदौर, उज्जैन, गुना, ग्वालियर और दिल्ली होते हुए ऋषिकेश तक आवागमन करती है।

फिलहाल, इस मार्ग पर ट्रेनों का अधिक दबाव नहीं है और यह मार्ग अब पूरी तरह से विद्युतीकृत हो चुका है। ट्रेन को नियमित चलाने के लिए रेलवे को अतिरिक्त रेक की आवश्यकता भी नहीं होगी, जिससे रेलवे को आर्थिक लाभ होगा और यात्रियों को भी बड़ा फायदा मिलेगा। इसके नियमित होने से गुना-ग्वालियर होते हुए दिल्ली सहित ऋषिकेश जाने वाले यात्रियों को एक नया विकल्प प्राप्त होगा।

सांसद ने रेल मंत्री से की मुलाकात

सांसद शंकर लालवानी के अनुसार, शुक्रवार को उनकी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात होगी। वे मंत्री को पत्र लिखकर इंदौर-ऋषिकेश एक्सप्रेस को नियमित करने की मांग करेंगे।

पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन चलाने की मांग

क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति पश्चिम रेलवे मुंबई के पूर्व सदस्य जगमोहन वर्मा ने पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन को शीघ्र चलाए जाने की घोषणा करने की मांग की है। यह मांग उन्होंने पश्चिम रेलवे मुंबई के महाप्रबंधक और रतलाम डीआरएम से की है।

वर्मा ने कहा कि हेरिटेज ट्रेन को चार दिन चलाने और डेमू ट्रेन के समय में मामूली बदलाव से सैलानियों को सुविधा मिलेगी तथा रेलवे की आय में वृद्धि होगी। डीआरएम रतलाम ने अगस्त में हेरिटेज ट्रेन पुनः शुरू करने की घोषणा की थी, लेकिन अगस्त माह शुरू होने वाला है और अब तक सैलानियों व यात्रियों को हेरिटेज ट्रेन चालू होने की जानकारी नहीं मिली है।

वर्मा ने सुझाव दिया कि रतलाम-महू डेमू ट्रेन को इंदौर से सुबह 10:30 बजे और पातालपानी से शाम 4:45 बजे चलाया जाए। इससे इंदौर से आवागमन करने वाले सैलानियों को सुगमता, कनेक्टिविटी और हेरिटेज ट्रेन का लाभ मिलेगा।