बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर में बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में महत्वपूर्ण उछाल दर्ज किया गया। सोना केडबरी ₹1400 बढ़कर ₹1,43,000 प्रति दस ग्राम हो गया, जबकि चांदी चौरसा ₹3300 उछलकर ₹2,24,000 प्रति किलो पर पहुंच गई।
अमेरिका और ईरान के बीच संभावित बातचीत को लेकर बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है। अमेरिका जहां वार्ता की बात कह रहा है, वहीं ईरान अमेरिका से सीधी बातचीत जारी रखने से इनकार कर रहा है। इन मिले-जुले संकेतों के बीच बुलियन मार्केट फेडरल रिजर्व की अगली नीति तय करने वाले अमेरिका के श्रम बाजार के आंकड़ों का इंतजार कर रहा है।
बुधवार को कामेक्स पर निवेशकों की सोने में लेवाली के कारण सोना वायदा $100 उछलकर $4155 प्रति औंस पर कारोबार करता देखा गया। इसी तरह चांदी वायदा भी 225 सेंट बढ़कर $61.18 प्रति औंस पर पहुंच गई। इस अंतरराष्ट्रीय तेजी के कारण भारतीय बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में उछाल आया।
इंदौर के बंद भावों के अनुसार, सोना केडबरी रवा नकद में ₹1,43,000 प्रति दस ग्राम रहा। सोना आरटीजीएस में ₹1,44,300 प्रति दस ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त) और सोना 22 कैरेट ₹1,32,200 प्रति दस ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त) पर उपलब्ध रहा।
चांदी के बंद भावों में चांदी चौरसा ₹2,24,000 प्रति किलो, आरटीजीएस चांदी ₹2,21,200 प्रति किलो और चांदी टंच ₹2,24,900 प्रति किलो रही। चांदी सिक्का ₹2550 प्रति नग के भाव पर बोला गया।
मंगलवार को सोने का बंद भाव ₹1,41,600 प्रति दस ग्राम था, जबकि चांदी ₹2,20,700 प्रति किलो पर बंद हुई थी।
बाजार में फिलहाल अपेक्षित ग्राहकी नहीं दिख रही है। हालांकि, ज्वेलर्स को उम्मीद है कि 15-20 अगस्त से राखी पूर्व की खरीदारी के कारण बाजार में हलचल देखने को मिल सकती है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार के सट्टेबाज सितंबर में फेड द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की लगभग 65 प्रतिशत संभावना मान रहे हैं। वहीं, न्यूयॉर्क फेड के प्रेसिडेंट जॉन विलियम्स ने दोहराया है कि यदि महंगाई कम नहीं होती है, तो नीति निर्माताओं को नीति को और सख्त करने के लिए तैयार रहना होगा।
कामेक्स वायदा पर सोने ने $4155 तक जाने के बाद ऊपर में $4179 और नीचे में $4085 प्रति औंस पर कारोबार किया। चांदी $61.18 तक जाने के बाद ऊपर में $61.88 और नीचे में $59.24 प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।

