BREAKING NEWS

जबलपुर में पुराने विवाद में चाकूबाजी, एक की मौत, भाई गंभीर घायल

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

जबलपुर के घमापुर चौक के पास रविवार शाम पुराने विवाद के कारण हुई चाकूबाजी की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल है। इस हमले में आरोपित पक्ष के दो युवक भी घायल हुए हैं। बेलबाग पुलिस ने मामले में दो आरोपितों को हिरासत में लिया है, जबकि एक आरोपित मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है।

Advertisement

विवाद एवं हमला

सावन ने रविवार शाम को विशाल को पुराने विवाद पर बातचीत के लिए अपने घर के पास बुलाया था। शाम करीब साढ़े पांच बजे विशाल अपने छोटे भाई अंकित सोनकर (28) के साथ मौके पर पहुंचा। वहां सावन पहले से अपने साथियों साहिल सोनकर और प्रियांश रैकवार के साथ मौजूद था। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। इसी दौरान सावन ने चाकू निकालकर विशाल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। भाई को बचाने पहुंचे अंकित पर भी चाकू से हमला किया गया। बीच-बचाव के दौरान दूसरे पक्ष ने भी चाकू से हमला किया, जिसमें सावन और प्रियांश भी घायल हो गए।

पुलिस कार्रवाई

घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद विशाल को मृत घोषित कर दिया। अंकित की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपित पक्ष से घायल सावन और प्रियांश को भी चोटें आई थीं, जिनका विक्टोरिया अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सावन और प्रियांश को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस फरार आरोपित साहिल सोनकर की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश दे रही है।

सार्वजनिक प्रतिक्रिया

बीच सड़क पर हुए इस हमले से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। घटना का पता चलते ही मृतक के स्वजन और परिचित मौके पर पहुंच गए, जिससे सड़क जाम हो गई। इसी दौरान एक आरोपित साहिल सोनकर चकमा देकर मौके से फरार हो गया। रात को मृतक पक्ष के लोग बड़ी संख्या में थाने पहुंचे और घटना को लेकर आक्रोशित होकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपितों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। देर रात तक क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही।

आपराधिक पृष्ठभूमि और जांच

मृतक विशाल और आरोपित सावन, दोनों की आपराधिक पृष्ठभूमि रही है। वे आबकारी, मारपीट और चाकूबाजी सहित कई आपराधिक वारदातों में लिप्त रहे हैं। प्रारंभिक जांच में यह माना जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते दोनों पक्षों के बीच यह हत्या की वारदात हुई है।