BREAKING NEWS

जबलपुर में हवाई फायरिंग मामले में पिस्टल बरामद, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र में हवाई फायरिंग का एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने इस घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कर ली है।
मामले में पूर्व में गिरफ्तार किए गए सत्यम होम्स निवासी रितिक जायसवाल और कचनार सिटी निवासी प्रथम सिंह राजपूत से पूछताछ में यह जानकारी सामने आई थी कि पिस्टल हनुमानताल निवासी जब्बार उर्फ मामू खान के पास है।
सार्वजनिक सड़क और रहवासी क्षेत्र में फायरिंग से आमजन की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न होने के कारण रितिक जायसवाल और प्रथम सिंह राजपूत के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया था।
पुलिस पूछताछ में रितिक ने बताया कि उसने लगभग तीन-चार माह पूर्व उक्त पिस्टल जब्बार से ली थी और घटना से दो दिन पहले उसे वापस कर दी थी।
इसके बाद पुलिस जब्बार की तलाश में जुट गई और मुखबिरों को सक्रिय किया।
बुधवार रात कृषि उपज मंडी के पास दबिश देकर आरोपित जब्बार उर्फ मामू खान को पकड़ा गया।
पूछताछ में उसने बताया कि उसने पिस्टल पाटन बायपास सर्विस रोड किनारे गिट्टी-पत्थरों के नीचे छिपाई थी।
उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पॉलीथीन में रखी एक पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित जब्बार एक आदतन अपराधी है।
उसके खिलाफ पहले से कोतवाली, लार्डगंज, गोहलपुर और हनुमानताल थानों में कुल 11 अपराध दर्ज हैं।

Advertisement