बुलंद सोच।

सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनोट ने नई पीढ़ी की भारतीय महिलाओं को ‘गटर’ कहा है। कंगना का कहना है कि ये महिलाएं स्वतंत्र महिलाओं की नकल उतारते हुए नशे करने, शराब पीने और अनगिनत आदमियों से यौन संबंध बनाने को स्वतंत्रता कहती हैं। कंगना ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के स्टोरी सेक्शन से लिखा है कि सबसे शर्मनाक बात उन युवा हिंदू महिलाओं का व्यवहार है, जो स्वतंत्र और करियर बनाने वाली महिलाओं की जिंदगी की नकल करना चाहती हैं, लेकिन उस आजादी के साथ आने वाली जिम्मेदारियों को नहीं निभाना चाहतीं। उन्होंने आगे लिखा कि असल में स्वतंत्र महिलाएं विद्रोही फैसले लेती हैं, बेबाक राय रखती हैं, परंपराओं से हटकर करियर चुनती हैं और अपने हर फैसले की पूरी जिम्मेदारी भी उठाती हैं। कंगना रनोट के अनुसार, उन्हें अपने कर्मों की कीमत खुद चुकानी पड़ती है और वे अपने माता-पिता या परिवार की कीमत पर ऐसा नहीं करतीं।
कंगना ने आगे लिखा कि आज तथाकथित वेस्टर्न सोच से प्रभावित भारतीय महिलाओं की एक नई पीढ़ी सामने आई है, जिसे वह ‘गटर जेनरेशन’ कहती हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से कुछ के पास समाज को देने के लिए कुछ भी नहीं है। उनके अनुसार, वे पढ़ाई में अच्छी नहीं हैं, लेकिन इतनी बदसूरत सोच और भ्रष्ट मानसिकता रखती हैं कि अच्छी हाउसवाइफ भी नहीं बन सकतीं। कंगना ने लिखा कि इसके बावजूद वे अपनी तथाकथित आजादी का दिखावा करती हैं, नशा, शराब और अनगिनत यौन संबंधों को अपनी आजादी बताती हैं। वे बेशर्मी से अपने माता-पिता की कमाई पर पलती हैं और लगातार स्वतंत्र जीवन जीने की बातें करती हैं, जबकि वास्तव में वे आत्मनिर्भर होती ही नहीं। उन्होंने एक छोटी-सी याद दिलाई कि आजाद जीवन कमाना पड़ता है और अगर बिना जिम्मेदारी उठाए स्वतंत्र बनने की कोशिश करोगे, तो तुम सिर्फ एक विकृत मानसिकता वाले इंसान हो, ‘गटर छाप’।
छात्र विरोध प्रदर्शन पर बयान
भाजपा सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनोट ने सोमवार को स्टूडेंट प्रोटेस्ट पर भी विवादित राय दी और नई जनरेशन की परवरिश पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया से लिखा कि अपनी पूरी जिंदगी में उन्होंने कभी इतनी बदसूरती एक साथ नहीं देखी। कंगना ने कहा कि Gen Z के विरोध-प्रदर्शनों की ये रीलें देखकर घिन आती है। उन्होंने यह भी कहा कि इन लोगों के बोलने का तरीका और जिस भाषा का ये इस्तेमाल कर रहे हैं, वैसा उन्होंने पहले कभी नहीं देखा। कंगना के अनुसार, हर फ्रेम इतना अजीब और परेशान करने वाला है कि देखकर घिन होती है, और उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इन्हें जन्म कौन दे रहा है और इनकी परवरिश कौन कर रहा है।
कंगना रनोट ने सोशल मीडिया के जरिए स्टूडेंट प्रोटेस्ट का जमकर विरोध किया था। उन्होंने कहा कि किसी को पद से हटाने या रखने के लिए सरकार पर दबाव बनाना गलत है। उन्होंने यह भी कहा कि सार्वजनिक मुद्दों पर बहस के लिए संसद सही जगह है, न कि आंदोलन। कंगना ने कहा था कि ये सब जंतर-मंतर पर हुड़दंग कर रहे हैं, उत्पात मचा रहे हैं और जिस तरह से आंदोलन चल रहा है वो ठीक नहीं है। दरअसल, दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) छात्रों की मांगों के समर्थन में कई दिनों से प्रदर्शन कर रही थी। इसके बाद जब प्रोटेस्ट खत्म हुआ तो कंगना ने प्रदर्शनकारियों की भाषा की आलोचना की।


