BREAKING NEWS

कटनी में महिला से सामूहिक दुष्कर्म मामले का खुलासा, मुख्य आरोपित गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, कटनी।

कटनी में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला की ट्रेन छूट जाने के बाद एक ऑटो चालक और उसके साथी ने उसे मंदिर घुमाने का झांसा दिया। दोनों उसे रीठी थाना क्षेत्र के जंगल में ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस को मिली महिला पूछताछ में कोई जानकारी नहीं दे सकी थी। स्वजनों को खोजकर पुलिस ने उसे उसके घर दिल्ली भेजा, जहां इलाज के बाद ठीक होने पर उसने घटना की जानकारी स्वजनों को दी। दिल्ली में ही शून्य पर मामला दर्ज कराया गया, जिसकी जांच के दौरान रीठी पुलिस ने लगातार छानबीन की और मुख्य आरोपित को पकड़ लिया। इस मामले में एक आरोपित अभी भी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।

Advertisement

पुलिस अधीक्षक ने किया खुलासा

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि थाना सफदरगंज साउथ दिल्ली में एक महिला ने प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 14 जून को महिला अपने बच्चों के साथ निजामुद्दीन से छत्तीसगढ़ जाने के लिए हीराकुंड एक्सप्रेस से बैठी थी। महिला मानसिक रूप से बीमार होने के कारण दिल्ली में लंबे समय से इलाजरत थी। रात्रि 9.45 बजे मुड़वारा कटनी स्टेशन में ट्रेन रुकने पर महिला पानी लेने उतरी, तभी उसकी ट्रेन छूट गई।

जंगल ले जाकर किया दुष्कर्म

स्टेशन के बाहर एक अज्ञात व्यक्ति उसे मिला और मंदिर दर्शन कराने की बात कहकर बहला-फुसलाकर ई-रिक्शा में बैठा लिया। वह उसे रीठी रोड पर पौंसरा से कुछ दूर रीठी क्षेत्र के जंगल में ले गया। वहां चालक और अज्ञात व्यक्ति ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। दूसरे दिन सुबह एक महिला के सड़क किनारे बैठे होने की सूचना पर रीठी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला से पूछताछ की, लेकिन वह कुछ बोल नहीं सकी। पुलिस ने महिला को शासकीय अस्पताल रीठी में भर्ती कराया, जहां अस्पताल में भी महिला घटना के संबंध में कोई जानकारी न देते हुए असामान्य व्यवहार करती रही।

दिल्ली में दर्ज हुई शून्य एफआईआर

महिला के भाई का मोबाइल नंबर प्राप्त होने पर उसे सूचित कर बुलाया गया और उसके साथ भेजा गया। दिल्ली में फिर से इलाज कराने पर मानसिक स्थिति सामान्य होने से उसने अपने साथ घटित घटना को भाई को बताया। तब सफदरगंज पुलिस थाना में शून्य पर मामला दर्ज कर डायरी कटनी भेजी गई। रीठी पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपितों की तलाश की।

आरोपितों को पकड़ना बनी चुनौती

यह प्रकरण एक माह पुराना होने और आरोपित अज्ञात होने से उन्हें तलाश करना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था। रीठी थाना प्रभारी मो. शाहिद के साथ पुलिस की टीम ने आरोपितों की तलाश करने के लिए कटनी में 800 से अधिक ऑटो चालकों की जांच की। महिला द्वारा बताए गए विवरण के आधार पर जांच के दौरान पुलिस को रीठी क्षेत्र के ऑटो चालक दिनेश चौधरी निवासी जमुनिया पर संदेह हुआ। पुलिस ने उस पर नजर रखी और साक्ष्य मिलने के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसमें उसने एक अन्य के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑटो जब्त करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है और उसके दूसरे साथी के संबंध में पूछताछ कर रही है।