BREAKING NEWS
2026-07-31

सांसद शंकर लालवानी ने रेल मंत्री से इंदौर-मालवा क्षेत्र के लिए नई ट्रेनों और परियोजनाओं की मांग की

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

सांसद शंकर लालवानी ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। यह चर्चा सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के मद्देनजर इंदौर एवं मालवा क्षेत्र की रेल अधोसंरचना को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल थी। बैठक में इंदौर और आसपास के रेलवे स्टेशनों के विकास, लंबित रेल परियोजनाओं में तेजी लाने, नई ट्रेनों के संचालन, बढ़ाए गए फेरों को नियमित करने तथा यात्रियों की सुविधाओं के उन्नयन सहित अनेक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

Advertisement

स्टेशनों के विकास और पुनर्विकास पर चर्चा

सांसद लालवानी ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को अवगत कराया कि वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इस दौरान इंदौर रेलवे स्टेशन एवं लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों पर चर्चा की गई। साथ ही, राऊ, राजेंद्र नगर, चंद्रावतीगंज और गौतमपुरा सहित आसपास के प्रमुख रेलवे स्टेशनों के विकास, प्लेटफॉर्म क्षमता बढ़ाने, यात्री सुविधाओं के उन्नयन व भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप अधोसंरचना विकसित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

नई ट्रेनों और रेल परियोजनाओं को गति देने की मांग

सांसद ने इंदौर-खंडवा रेल परियोजना और इंदौर-दाहोद रेल परियोजना सहित क्षेत्र की अन्य महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को शीघ्र गति देने का आग्रह किया। इंदौर से विभिन्न प्रमुख शहरों के लिए नई ट्रेनों के संचालन, वर्तमान में अतिरिक्त फेरों के रूप में चल रही ट्रेनों को नियमित करने एवं यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नई रेल सेवाएं प्रारंभ करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।

रेल मंत्री का आश्वासन

केंद्रीय रेल मंत्री ने संबंधित वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों को सभी परियोजनाओं एवं प्रस्तावों की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। रेल मंत्री ने रेलवे विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का आश्वासन भी दिया।