बुलंद सोच, दतिया।
दतिया विधानसभा उपचुनाव में गुरुवार को मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी रहा। शाम 6 बजे तक विधानसभा क्षेत्र में 71.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
निर्वाचन अधिकारियों ने 2023 के विधानसभा चुनाव में हुए 79 प्रतिशत मतदान का आंकड़ा पार होने की संभावना जताई थी, लेकिन यह संभव नहीं हो सका।
दोपहर तीन बजे तक मतदान का प्रतिशत 61 रहा था। इसके बाद ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में मतदान की रफ्तार तेज हुई। ग्रामीण इलाकों के अधिकांश मतदान केंद्रों पर 67 से 70 प्रतिशत तक मतदान दर्ज किया गया, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह आंकड़ा करीब 55 प्रतिशत रहा।
उपरायं मतदान केंद्र पर शाम तक 69 प्रतिशत तथा एरई मतदान केंद्र पर 66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दोपहर बाद कुछ समय के लिए हुई बारिश के बावजूद मतदान की रफ्तार पर विशेष असर नहीं पड़ा। बारिश थमते ही मतदाता फिर मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे और अंतिम घंटों में कई केंद्रों पर कतारें दिखाई दीं।
सुरक्षा व्यवस्था
मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी 291 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रत्येक केंद्र पर सीआरपीएफ और पुलिस बल की तैनाती रही। पूरे दिन कहीं से किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं
पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने राजघाट कॉलोनी स्थित मतदान केंद्र पर मतदान करने के बाद भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के कार्यों के आधार पर जनता भाजपा के पक्ष में मतदान कर रही है। कांग्रेस द्वारा लगाए गए बूथ कैप्चरिंग के आरोपों पर उन्होंने कहा कि “जब कांग्रेस हारती हुई दिखाई देती है तो हताशा और निराशा में ऐसे आरोप लगाती है।”
कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने तलैया मोहल्ला स्थित मतदान केंद्र पर मतदान करने के बाद कहा कि क्षेत्र में कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक माहौल है और जनता परिवर्तन के लिए मतदान कर रही है। उन्होंने दावा किया कि उपचुनाव में कांग्रेस ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
एमपी हाईकोर्ट ने डॉक्टरों की वरिष्ठता और पदोन्नति में भेदभाव पर सरकार व PSC से जवाब मांगा।

