BREAKING NEWS
2026-08-01

खंडवा में साढ़े 10 घंटे के अभियान के बाद टापू पर फंसे चार युवक एसडीईआरएफ द्वारा सकुशल बचाए गए

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, खंडवा।

मध्यप्रदेश राज्य आपदा आपातकालीन मोचन बल (एसडीईआरएफ) ने खंडवा जिले के थाना जावर क्षेत्र के हांडीकुंडी टापू पर सुक्ता और आबना नदी के बीच फंसे चार युवकों को सफलतापूर्वक बचाकर साहस का परिचय दिया।
लगभग साढ़े 10 घंटे तक चला यह बेहद खतरनाक रेस्क्यू ऑपरेशन शुक्रवार तड़के 4:45 बजे समाप्त हुआ, जिसमें सभी चार युवकों को सकुशल और सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड आशीष कुशवाहा ने बताया कि गुरुवार सायंकाल लगभग छह बजे पुलिस कंट्रोल रूम एवं थाना जावर से सूचना प्राप्त हुई थी।
सूचना के अनुसार, अचानक जलस्तर बढ़ जाने से चार युवक नदी के मध्य स्थित एक टापू पर फंस गए थे। चारों ओर से तेज जलधारा होने के कारण उनका बाहर निकलना असंभव हो गया था।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीईआरएफ खंडवा की टीम तथा कंपनी कमांडर श्री रविंद्र महिवाल तत्काल घटनास्थल पहुंचे और बचाव अभियान प्रारंभ किया।
प्रारंभिक प्रयास में सुरक्षा रस्सियों के सहारे मोटरबोट को टापू तक पहुंचाने का प्रयास किया गया, किंतु अत्यधिक जलप्रवाह एवं नदी के तीव्र बहाव के कारण नाव को आगे बढ़ाना अत्यंत जोखिमपूर्ण हो गया। तेज जलधारा होने से मोटरबोट भी आगे नहीं पहुंच सकी।

Advertisement

ड्रोन की मदद से सहायता

इस दौरान प्रशासन एवं एसडीईआरएफ द्वारा ड्रोन की सहायता से चारों युवकों तक लाइफ जैकेट पहुंचाई गई, जिन्हें उन्होंने पहन लिया।
युवकों से मोबाइल पर भी लगातार संपर्क रखा गया। इसके पश्चात भोजन एवं पेयजल के पैकेट भी ड्रोन के माध्यम से उपलब्ध कराए गए। पूरी रात युवकों से लगातार संपर्क बनाए रखते हुए उनका मनोबल बढ़ाया गया तथा उन्हें सुरक्षित रहने के लिए आश्वस्त किया जाता रहा।

प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति

मौके पर प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन गौड़ा, पुलिस अधीक्षक अगम जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तरणेकर, एसडीईआरएफ इंदौर टीम प्रभारी कंपनी कमांडर रोहन रायकवार, एसडीईआरएफ खंडवा के कंपनी कमांडर रविंद्र महिवाल, पुलिस, होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ के अधिकारी एवं स्थानीय लोग बड़ी संख्या में पूरी रात डटे रहे।
प्रशासन द्वारा सुकता बांध से अतिरिक्त पानी नहीं छोड़े जाने के संबंध में भी आवश्यक समन्वय किया गया। बैकअप के रूप में एनडीआरएफ उज्जैन की टीम को भी रवाना कर दिया गया था।

सफल बचाव अभियान

जलस्तर में आंशिक कमी आने पर एसडीईआरएफ खंडवा एवं एसडीईआरएफ इंदौर की संयुक्त टीम ने अंतिम एवं निर्णायक अभियान प्रारंभ किया। सुरक्षा रस्सियों से नियंत्रित मोटरबोट को प्रचंड जलधारा के बीच आगे बढ़ाते हुए रेस्क्यू दल टापू तक पहुंचा और अत्यंत साहस एवं तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए चारों युवकों को सुबह 4:45 बजे सकुशल सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू अभियान की सफलता पर उपस्थित ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों ने एसडीईआरएफ जवानों के साहस, धैर्य एवं सेवा-भाव की मुक्तकंठ से सराहना की और इसे लगभग असंभव प्रतीत होने वाले अभियान को सफल बनाने वाली ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

सुरक्षित बचाए गए युवक

सुरक्षित रेस्क्यू किए गए युवक हुजेफा हामिद (40 वर्ष), मयंक उर्फ गोपाल (16 वर्ष), अली अजगर पुत्र मुस्तफा और आयुष पुत्र सुनील (18 वर्ष) हैं। ये सभी जिला खंडवा के निवासी हैं।