BREAKING NEWS
2026-07-24

क्रांति गौड़ बनीं देश की पहली महिला क्रिकेटर, मुख्यमंत्री ने 5 लाख रुपये से सम्मानित किया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड के प्रतिष्ठित ‘टेस्ट ऑनर्स बोर्ड’ पर नाम दर्ज कराने वाली देश की पहली महिला क्रिकेटर बनीं मध्यप्रदेश की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी क्रांति गौड़ का बुधवार को मुख्यमंत्री निवास में भव्य सम्मान किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें कुल 5 लाख रुपये की सम्मान राशि और स्मृति चिन्ह प्रदान किया। इसमें खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से 3 लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री की ओर से व्यक्तिगत रूप से 2 लाख रुपये दिए गए।

Advertisement

मुख्यमंत्री का संबोधन

सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार खेलों के विकास के लिए खेल अधोसंरचना, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाओं पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘खेलो बढ़ो अभियान’ के तहत सांसद कप और विधायक कप जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से गांव, तहसील और विधानसभा स्तर तक खेल प्रतिभाओं को मंच दिया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। क्रांति गौड़ ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि क्रांति प्रदेश में नई “खेल क्रांति” लेकर आई हैं और उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। मुख्यमंत्री ने लॉर्ड्स में सात विकेट लेकर ऐतिहासिक प्रदर्शन करने पर क्रांति गौड़ की विशेष सराहना की।

इस अवसर पर उन्होंने क्रांति के पिता नरसिंह और भाई महेंद्र सिंह का भी सम्मान किया।

क्रांति गौड़ ने साझा किए संघर्ष

कार्यक्रम में खिलाड़ियों से संवाद करते हुए क्रांति गौड़ ने अपने संघर्षों को साझा किया। उन्होंने कहा कि बचपन से ही उनका सपना टीम इंडिया की ब्लू जर्सी पहनने का था। बुंदेलखंड के एक छोटे से गांव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक का सफर परिवार के सहयोग के बिना संभव नहीं था। उन्होंने बताया कि परिवार ने आर्थिक कठिनाइयों और अभावों के बावजूद हमेशा उनका साथ दिया। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया और देश के लिए खेलने का सपना साकार किया।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, खेल सचिव संजीव सिंह, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक अंशुमान सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और अधिकारी उपस्थित रहे।