बुलंद सोच, भोपाल।
रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना है। गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं को आधार आधारित बायोमेट्रिक ई-केवाईसी (e-KYC) के संबंध में एसएमएस भेजने शुरू कर दिए हैं। जिन उपभोक्ताओं ने 16 अगस्त तक अपनी ई-केवाईसी पूरी नहीं कराई है, उन्हें घरेलू दर पर एलपीजी सिलिंडर मिलने में समस्या आ सकती है। हालांकि, इस संबंध में गैस कंपनियों द्वारा अभी तक कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है।
सत्यापन की स्थिति
मध्य प्रदेश में कुल 1.73 करोड़ सक्रिय घरेलू गैस उपभोक्ता हैं, जिनमें से 39.84 लाख (22.21 प्रतिशत) उपभोक्ताओं का सत्यापन अभी लंबित है। वहीं, भोपाल में 7.55 लाख उपभोक्ताओं में से 1.94 लाख उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी तक नहीं हुई है।
गैर-घरेलू दर पर सिलिंडर का खतरा
गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार, जो उपभोक्ता समय पर ई-केवाईसी नहीं कराएंगे, उन्हें घरेलू सिलिंडर के बजाय गैर-घरेलू दर पर सिलिंडर खरीदना पड़ सकता है। वर्तमान में 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत 947.50 रुपये है, जबकि 19 किलोग्राम के कमर्शियल सिलिंडर की कीमत 2,935 रुपये है।
ई-केवाईसी के तीन तरीके
उपभोक्ता तीन माध्यमों से ई-केवाईसी करा सकते हैं। पहला तरीका इंडियन ऑयल वन (Indian Oil ONE) ऐप के माध्यम से घर बैठे प्रक्रिया पूरी करना है। दूसरा तरीका आधार और गैस कनेक्शन से संबंधित दस्तावेज लेकर अपनी गैस एजेंसी पर जाकर सत्यापन कराना है। तीसरा तरीका सिलिंडर की डिलीवरी के समय अधिकृत कर्मचारी की सहायता से ई-केवाईसी करवाना है।

