बुलंद सोच, ग्वालियर।
वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-मानिकपुर रेलखंड पर मऊरानीपुर-रोरा स्टेशनों के बीच दोहरीकरण कार्य के तहत प्रस्तावित नॉन-इंटरलॉकिंग ब्लॉक का कार्यक्रम संशोधित किया गया है। रेल संरक्षा आयुक्त का निरीक्षण 28 जुलाई के बजाय अब 29 जुलाई को होने के कारण रेलवे ने ब्लॉक की नई तिथियां जारी की हैं।
ग्वालियर-प्रयागराज एक्सप्रेस निरस्त
इस संशोधन के चलते ट्रेन क्रमांक 11801 ग्वालियर-प्रयागराज एक्सप्रेस 28 और 29 जुलाई को निरस्त रहेगी। वापसी में, ट्रेन क्रमांक 11802 प्रयागराज-ग्वालियर एक्सप्रेस 29 और 30 जुलाई को नहीं चलेगी।
खजुराहो ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन
दोहरीकरण कार्य का असर खजुराहो जाने वाली ट्रेनों पर भी पड़ेगा। ट्रेन क्रमांक 19666 उदयपुर सिटी-खजुराहो एक्सप्रेस 28 जुलाई को अपने निर्धारित मार्ग वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-महोबा-खजुराहो के बजाय वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-दैलवारा-बिरारी-खजुराहो होकर संचालित होगी। इसी प्रकार, ट्रेन क्रमांक 19665 खजुराहो-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस 29 जुलाई को वापसी में खजुराहो-बिरारी-दैलवारा-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी होकर चलेगी।
चंबल एक्सप्रेस का नियमन
इसके अतिरिक्त, ट्रेन क्रमांक 20975 हावड़ा-आगरा कैंट चंबल एक्सप्रेस 28 जुलाई को एक फेरे के लिए प्रयागराज मंडल में 150 मिनट तथा झांसी मंडल में 60 मिनट रेगुलेट रहेगी। इस प्रकार, ट्रेन को कुल 210 मिनट यानी साढ़े तीन घंटे तक नियंत्रित किया जा सकता है। इसके चलते ग्वालियर आने-जाने वाले यात्रियों को ट्रेन के निर्धारित समय से देरी से चलने की संभावना को ध्यान में रखकर यात्रा करनी होगी।

