BREAKING NEWS
2026-07-29

30 हजार के इनामी डकैत कल्ली गुर्जर ने ग्वालियर हाईवे पर ट्रक के टायरों में मारी गोलियां, मांगी रंगदारी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

घाटीगांव-मोहना के बीच डकैत कल्ली गुर्जर ने दिनदहाड़े दिल्ली से भोपाल जा रहे एक ट्रक को रोककर उसके टायरों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस घटना में ट्रक के 12 टायर गोलियां मारकर फोड़ दिए गए।

Advertisement

डकैत ने ट्रक चालक को धमकी दी कि यदि इस सड़क से निकलना है तो रुपये देने होंगे, अन्यथा उसे जान से मार दिया जाएगा।

इस घटना ने पुलिस अधिकारियों को सकते में ला दिया है।

फरियादी की आपबीती

नजीराबाद, भोपाल के निवासी घनश्याम गुर्जर ने पुलिस को एफआईआर कराते समय बताया कि वह ट्रक आरजे 11 जीबी 8882 में परचून का सामान भरकर दिल्ली से भोपाल के लिए निकले थे।

उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे जब उनका ट्रक घाटीगांव-मोहना के बीच सिरसा से आगे पहुंचा, तो पीछे से एक बिना नंबर की बोलेरो आई। सिंघाईगढ़ा के सामने बोलेरो चालक ने ओवरटेक कर उनके ट्रक को रोक लिया।

बोलेरो से हथियारबंद बदमाश उतरे। बंदूक हाथ में लिए एक बदमाश ने अपना नाम कल्ली गुर्जर निवासी वरवासिन, देवगढ़, मुरैना बताया। उसने घनश्याम से रुपये मांगते हुए कहा कि वे उसे नहीं जानते, वह सालों से फरार है।

घनश्याम गुर्जर के रुपये देने से इनकार करने पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और उनके ट्रक के 14 में से 12 टायर गोली मारकर फोड़ दिए।

घनश्याम गुर्जर ने बताया कि वह इस घटना से घबरा गए और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। उन्होंने यह भी कहा कि अब उन्हें इस रास्ते से निकलने में डर लग रहा है।

डकैत कल्ली गुर्जर का आपराधिक इतिहास

कल्ली गुर्जर पर ग्वालियर पुलिस की ओर से 10 हजार रुपये और श्योपुर व अन्य जिलों से 20 हजार रुपये का इनाम घोषित है।

कल्ली तिघरा में वारदात करने के बाद से ही फरार चल रहा है और नौ माह से पुलिस को चकमा दे रहा है।

कल्ली ने ही नौ माह पहले आठ अक्टूबर को तिघरा के गुर्जा गांव में नौ माह की गर्भवती अंजू गुर्जर का अपहरण गोलियां चलाकर किया था।

उसका साथी डकैत योगी गुर्जर है, जो धौलपुर पुलिस के सामने सुनियोजित ढंग से हाजिर होने के बाद से जेल में बंद है।

योगी गुर्जर के पकड़े जाने के बाद पुलिस इस मामले को भूल गई थी, जबकि कल्ली योगी गुर्जर से ज्यादा खतरनाक है।

अब यह वारदात कर कल्ली गुर्जर ने पुलिस को खुली चुनौती दे डाली है।

पुलिस की कार्रवाई

थाना प्रभारी घाटीगांव पूरन शर्मा ने बताया कि डकैत कल्ली गुर्जर ने पैसों को लेकर गोलियां चलाई हैं और उसकी तलाश जारी है।