BREAKING NEWS
2026-08-01

मिसरोद में युवती से छेड़छाड़, दो टीआई वाले थाने में भी एफआईआर दर्ज नहीं

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र में एक युवती से छेड़छाड़ और पीछा करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गंभीर आरोप यह है कि लिखित शिकायत दिए जाने के बाद भी पुलिस ने अब तक प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज नहीं की है।

Advertisement

पीड़िता, जो होशंगाबाद रोड स्थित एक पॉश कॉलोनी की 29 वर्षीय निवासी है, ने मिसरोद थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया कि 12 जुलाई की सुबह करीब 8:40 बजे वह अपने पालतू कुत्ते को टहलाने निकली थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार एक युवक उनका पीछा करने लगा और उनके सामने अश्लील व अभद्र इशारे किए।

इस घटना से घबराकर युवती तुरंत घर लौट आईं। घटना अचानक होने के कारण वह स्कूटी का नंबर और युवक की पहचान नहीं कर सकीं। घटना के बाद उन्होंने अन्य महिलाओं से जानकारी जुटाई, जिसमें पता चला कि संदिग्ध युवक अक्सर उस क्षेत्र में आता रहता है।

इसके बाद पीड़िता ने मिसरोद थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपित की शिकायत की। उनका आरोप है कि शिकायत दिए जाने के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पीड़िता का कहना है कि आरोपित अब भी खुलेआम घूम रहा है, जिससे उन्हें असुरक्षा का डर है।

यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने मिसरोद थाने में एक नवाचार किया है। यह थाना उन चुनिंदा थानों में शामिल है जहां बेहतर कानून-व्यवस्था और प्रभावी निगरानी के लिए दो थाना प्रभारियों (टीआई) की व्यवस्था की गई है।

इसके बावजूद शिकायत पर त्वरित कानूनी कार्रवाई नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

इस मामले में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मिनी शुक्ला ने बताया कि मिसरोद थाने से इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली जा रही है।