BREAKING NEWS
2026-07-24

मंत्री सारंग ने बरखेड़ा नाथू स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स को विश्वस्तरीय बनाने के दिए निर्देश

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित समीक्षा बैठक में बरखेड़ा नाथू स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह परिसर प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण और प्रतियोगिता केंद्र बनेगा। अतः निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

बैठक में खेल परिसर की प्रवेश-निकास व्यवस्था को बेहतर बनाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत, मौजूदा तीन प्रवेश द्वारों के अतिरिक्त दो नए गेट निर्मित किए जाएंगे, जिससे कुल पांच प्रवेश द्वार उपलब्ध होंगे। यह व्यवस्था खिलाड़ियों, दर्शकों और आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही को अधिक सुगम बनाएगी।

Advertisement

परिसर के चारों ओर की सड़कों का चौड़ीकरण किया जाएगा। साथ ही, आधुनिक फायर सेफ्टी सिस्टम, स्प्रिंकलर व्यवस्था और अन्य सुरक्षा सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। आग से सुरक्षा के लिए आवश्यक उपकरण और आपातकालीन पहुंच मार्गों का भी विकास किया जाएगा।

मंत्री ने खिलाड़ियों और आगंतुकों की सुविधा हेतु पूरे परिसर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप साइनेज लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी सार्वजनिक सुविधाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए एक अलग विस्तृत योजना तैयार की जानी चाहिए।

सारंग ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि खेल परिसर का हैंडओवर पूरी तकनीकी जांच के उपरांत ही किया जाए। किसी भी निर्माण कार्य को बिना सत्यापन के स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, उन्होंने मरम्मत योग्य कार्यों की एक अलग कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में पानी, बिजली, स्वच्छता, पार्किंग, आईटी सर्वर रूम, प्रशासनिक भवन, ऑडिटोरियम और अन्य आधुनिक सुविधाओं के विकास पर भी चर्चा की गई। मंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जाए।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। वहीं, परिसर की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने हेतु सौर ऊर्जा के अधिकतम उपयोग पर बल दिया गया। मंत्री ने प्रदेश के अन्य खेल परिसरों में भी चरणबद्ध तरीके से सौर ऊर्जा आधारित व्यवस्था विकसित करने की योजना तैयार करने को कहा।

इसके अतिरिक्त, आधुनिक कैफेटेरिया, पर्याप्त पार्किंग, बाउंड्री वॉल के समानांतर सड़क, हॉर्टिकल्चर, विद्युत व्यवस्था और अन्य अधोसंरचना विकसित करने के लिए अलग-अलग प्रोजेक्ट तैयार कर उन पर शीघ्र अमल करने के निर्देश दिए गए। निर्माण एजेंसी को यह भी सूचित किया गया कि किसी भी भुगतान से पूर्व खेल विभाग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) प्राप्त करना अनिवार्य होगा।