BREAKING NEWS
2026-07-24

धार: सरकारी उप स्वास्थ्य केंद्र में राजनीतिक वीडियो बनाने पर सीएचओ की सेवा समाप्ति की अनुशंसा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, धार।

धार जिले के बाग विकासखंड स्थित कांकड़वा उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) किरण भाटिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद गहरा गया है। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है और संबंधित सीएचओ को सेवा से पृथक (बर्खास्त) किए जाने की अनुशंसा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) को भेज दी है।

Advertisement

वीडियो की विषय-वस्तु और स्थान

वायरल वीडियो सरकारी उप स्वास्थ्य केंद्र के भीतर बनाया गया बताया जा रहा है। इसमें सीएचओ जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन और सोनम वांगचुक के समर्थन में बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार और उनके समर्थकों को लेकर टिप्पणी करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में उन्होंने खुद को किसी राजनीतिक दल का समर्थक न बताते हुए सोनम वांगचुक के समर्थन की बात कही। उन्होंने लोगों से “अंधभक्त नहीं, भक्त बनो” जैसी टिप्पणी भी की। यह वीडियो मंगलवार रात को सोशल मीडिया स्टेटस पर साझा होने के बाद तेजी से वायरल हो गया।

भाजपा नेताओं की शिकायत

वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई। भाजपा टांडा मंडल अध्यक्ष अमरसिंह सोलंकी, मंडल महामंत्री जड़ावसिंह मंडलोई और भुरु अनारे ने संयुक्त हस्ताक्षरित शिकायत जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को भेजी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सरकारी कर्मचारी ने सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन करते हुए सरकारी परिसर में बैठकर राजनीतिक टिप्पणी की है। नेताओं ने संबंधित कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की।

सीएचओ का स्पष्टीकरण

विवाद बढ़ने के बाद किरण भाटिया ने सोशल मीडिया से वीडियो हटा लिया। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनका उद्देश्य सरकार की आलोचना करना नहीं था और यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें इसका खेद है।

एनएचएम लेगा अंतिम निर्णय

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अनीता सिंगारे ने मामले की जांच के बाद संबंधित सीएचओ को सेवा से पृथक किए जाने की अनुशंसा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संचालक को भेज दी है। अब अंतिम निर्णय एनएचएम स्तर पर लिया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले पर स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय स्तर पर नजर बनी हुई है।