बुलंद सोच, इंदौर।
इंडियन रेलवे केटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आइआरसीटीसी) द्वारा मध्यप्रदेश के तीर्थ यात्रियों के लिए भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। यह ट्रेन 15 सितंबर 2026 को इंदौर से “उड़ीसा के पुरी, गंगासागर के साथ गयाजी, वाराणसी एवं रामलला दर्शन यात्रा” के लिए रवाना होगी।
यह ट्रेन मध्यप्रदेश के इंदौर, उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, रानी कमलापति, इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी एवं अनूपपुर स्टेशनों से होकर जाएगी। इन स्टेशनों से यात्री ट्रेन में सवार हो सकेंगे।
यात्रा विवरण और किराया
10 रातों और 11 दिनों की इस यात्रा में पुरी, गंगासागर, गया, वाराणसी एवं अयोध्या के दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
इसके लिए यात्रियों को प्रति व्यक्ति 19,600 रुपये (स्लीपर-इकानामी श्रेणी), 31,850 रुपये (थर्ड एसी-स्टैंडर्ड श्रेणी) एवं 41,900 रुपये (सेकंड एसी-कंफर्ट श्रेणी) का खर्च उठाना होगा।
उपलब्ध सुविधाएं
आइआरसीटीसी इस सर्व समावेशी टूर की पेशकश कर रहा है, जिसमें भारत गौरव ट्रेन के विशेष एलएचबी रेक में आरामदायक रेल यात्रा, ऑन-बोर्ड और ऑफ बोर्ड भोजन, सड़क परिवहन और गुणवत्तायुक्त बसों में दर्शनीय स्थलों की यात्रा, यात्रा कार्यक्रम के अनुसार आवास की व्यवस्था, यात्रा में टूर एस्कॉर्ट्स, यात्रा बीमा, ऑन-बोर्ड सुरक्षा और हाउसकीपिंग की सेवा शामिल है।
यह एक्सप्रेस ट्रेन एलएचबी कोच से चलेगी, जिससे लंबी दूरी की यात्रा आसान होगी।
बुकिंग प्रक्रिया
पर्यटक आइआरसीटीसी की वेबसाइट पर ऑनलाइन या अधिकृत एजेंट से बुकिंग करा सकते हैं। अधिक जानकारी व बुकिंग के लिए आइआरसीटीसी के भोपाल, जबलपुर एवं इंदौर रेलवे स्टेशन कार्यालय पर संपर्क किया जा सकता है।
