बुलंद सोच, भोपाल।

प्रदेश सरकार ने बस और वाहन मालिकों की विभिन्न समस्याओं तथा शंकाओं के समाधान के लिए एक समिति का गठन किया है। इस समिति में विभागीय अधिकारियों और बस ओनर्स एसोसिएशन के सदस्यों को शामिल किया गया है। समिति सुगम परिवहन सेवा योजना के अंतर्गत प्रस्तावित मार्गों पर पहले से चल रही बसों को समायोजित करने के संबंध में अभिमत देगी। यह समिति नए वाहनों के पंजीयन को सुनिश्चित करने और 15 वर्ष पुराने वाहनों को परमिट देने के संबंध में भी अपनी राय प्रस्तुत करेगी।
रिपोर्ट की समय-सीमा और सदस्य
समिति को अपनी रिपोर्ट एक माह के भीतर प्रस्तुत करने का समय दिया गया है। समिति में परिवहन विभाग के उप सचिव अरुण कुमार सिंह, आयुषी जैन, किरण शर्मा और डॉ. देवल मिश्रा शामिल हैं। बस ओनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों में सागर से जय कुमार जैन, उज्जैन से रवि शुक्ला, नर्मदापुरम से राकेश फौजदार और भोपाल से सुरेंद्र तनवानी को सदस्य बनाया गया है।
अंतिम निर्णय प्रक्रिया
समिति द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट मंत्रियों की एक समिति को सौंपी जाएगी। मंत्रियों की समिति की अनुशंसा के आधार पर सरकार इस संबंध में अंतिम निर्णय लेगी।

