बुलंद सोच, भोपाल।
मध्य प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिए संगठन सृजन अभियान के माध्यम से नियुक्त जिला अध्यक्षों के कामकाज की समीक्षा मंगलवार को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में महासचिव केसी वेणुगोपाल ने की। इस समीक्षा के दौरान यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि कमजोर प्रदर्शन करने वाले जिला अध्यक्षों को उनके पद से हटाया जाएगा। उनके स्थान पर नई नियुक्तियां की जाएंगी, क्योंकि केवल पद लेकर बैठने से काम नहीं चलेगा।
इससे पहले प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और राष्ट्रीय सचिवों के साथ बैठक की थी। दिल्ली में आयोजित इस बैठक में दतिया उपचुनाव में पार्टी की जीत के लिए प्रदेश नेतृत्व की प्रशंसा की गई। संगठन को मजबूत करने के लिए हरीश चौधरी ने ग्राम स्तर तक इकाई गठित करने की प्रक्रिया की समीक्षा करने और पदाधिकारियों के सत्यापन के निर्देश दिए। इसके बाद संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पिछले साल संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त किए गए जिला अध्यक्षों के साथ भी बैठक की। इस बैठक में संगठन को और मजबूत करने के उपायों पर उनसे प्रतिक्रिया (फीडबैक) लिए गए। साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया गया कि हर अध्यक्ष के काम पर संगठन की नजर है और निगरानी की जा रही है। कमजोर प्रदर्शन करने वाले अध्यक्षों की छुट्टी कर दी जाएगी।
संभावित बदलाव
सूत्रों का कहना है कि छह जिला अध्यक्षों को जल्द ही हटाया जाएगा। इसमें महाकोशल, ग्वालियर-चंबल और भोपाल संभाग क्षेत्र के जिला अध्यक्ष शामिल हैं। बुधवार को 15 अन्य जिला अध्यक्षों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। प्रदेश में पार्टी के कुल 71 शहर और ग्रामीण जिला इकाई अध्यक्ष हैं।

