BREAKING NEWS

एलायंस एयर की जबलपुर-कोलकाता सीधी उड़ान 8 अगस्त से शुरू

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

डुमना एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए वर्षों बाद एक बार फिर सीधी विमान सेवा प्रारंभ होने जा रही है। एलायंस एयर ने जबलपुर-कोलकाता-जबलपुर उड़ान का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह सेवा 8 अगस्त से प्रारंभ होगी और सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी।

Advertisement

जारी शेड्यूल के अनुसार, एलायंस एयर का एटीआर-72 विमान सुबह 7:05 बजे कोलकाता से उड़ान भरकर सुबह 9:35 बजे जबलपुर पहुंचेगा। वापसी में, विमान सुबह 10:00 बजे जबलपुर से रवाना होकर दोपहर 12:35 बजे कोलकाता पहुंचेगा। दोनों शहरों के बीच यात्रा लगभग ढाई घंटे में पूरी हो सकेगी।

इस नई सेवा के शुरू होने से यात्रियों को कोलकाता के लिए सीधी हवाई सुविधा मिलेगी, जिससे उन्हें एक दूसरा विकल्प उपलब्ध होगा। इसके साथ ही, इंडिगो के एकाधिकार जैसी स्थिति समाप्त होने की उम्मीद है और प्रतिस्पर्धा बढ़ने से भविष्य में किरायों में संतुलन आने की भी संभावना है।

लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित डुमना एयरपोर्ट का नया टर्मिनल शुरू होने के बाद विमान सेवाओं में वृद्धि की उम्मीद की गई थी। हालांकि, पिछले कुछ महीनों में उड़ानों की संख्या बढ़ने के बजाय कम हुई है, जो पहले सप्ताह में 42 थीं और वर्तमान में घटकर 36 रह गई हैं। ऐसे में, एलायंस एयर की यह नई सेवा जबलपुर की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

सांसद आशीष दुबे के विशेष प्रयासों से एलायंस एयर की यह सेवा दोबारा बहाल हो पाई है। सांसद आशीष दुबे ने दिल्ली में एयर अलायंस कंपनी के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर इसे पुनः प्रारंभ करवाने में अहम भूमिका अदा की।