BREAKING NEWS
2026-07-25

ओएलएक्स पर कार बिक्री के बहाने फर्जी फौजी ने युवक से 1.13 लाख रुपये ठगे

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

ओएलएक्स पर सस्ती सेकेंड हैंड कार खरीदने की चाहत में एक युवक को साइबर ठग ने 1.13 लाख रुपये से अधिक का चूना लगा दिया। खुद को आर्मी अधिकारी बताने वाले इस ठग ने स्विफ्ट डिजायर कार बेचने का झांसा देकर होम डिलीवरी और वाहन ट्रांसफर के नाम पर 17 अलग-अलग ट्रांजेक्शन में यह राशि ठगी।

Advertisement

सिरोल थाना क्षेत्र के कादंबरी नगर निवासी अनुराग शर्मा (39) ने पुलिस को बताया कि उन्होंने छह जुलाई को ओएलएक्स पर 1.50 लाख रुपये में स्विफ्ट डिजायर कार का विज्ञापन देखा था।

अगले दिन विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने अपना नाम रंजीत सिंह राणा बताते हुए खुद को आगरा कैंट में पदस्थ सेना का अधिकारी बताया। आरोपी ने व्हाट्सएप पर कार की तस्वीरें, आरसी और अन्य दस्तावेज भेजकर अनुराग शर्मा का भरोसा जीत लिया।

इसके बाद आरोपी ने वाहन ट्रांसफर और होम डिलीवरी की प्रक्रिया बताते हुए पीड़ित से पहचान संबंधी दस्तावेज मंगवाए और एक क्यूआर कोड भेजकर पहले पांच हजार रुपये जमा करा लिए।

इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग क्यूआर कोड और बैंक खातों की जानकारी भेजकर कई किश्तों में रुपये जमा कराए। अनुराग शर्मा ने गूगल पे, फोनपे और आइएमपीएस के माध्यम से कुल 17 ट्रांजेक्शन में 1,13,500 रुपये भेज दिए।

इन भुगतानों के बावजूद आरोपी ने 26,500 रुपये और मांगे। देर शाम तक जब कार नहीं पहुंची और संपर्क भी संदिग्ध लगने लगा, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।

पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर सिरोल थाना पुलिस ने ई-जीरो एफआईआर के तहत प्रकरण दर्ज कर मोबाइल नंबर, बैंक खाते और यूपीआई आइडी की जांच शुरू कर दी है।