बुलंद सोच, भोपाल।
पशुपालन विभाग में हुए तबादलों से नाराज पशु चिकित्सकों और सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों ने मंगलवार को मंत्रालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर इनकी जांच की मांग की है।
लगभग 20 अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे। उन्होंने मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई और पशुपालन विभाग के सचिव सुदाम खाड़े को दिए ज्ञापन में शिकायत की कि तबादलों में स्थानांतरण नीति का पालन नहीं किया गया।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि प्रशासनिक आवश्यकता के नाम पर तबादले मनमानी से किए गए हैं।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि कई डॉक्टर लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ हैं, लेकिन उनका स्थानांतरण नहीं किया गया, जबकि कुछ को दूरस्थ क्षेत्रों में भेज दिया गया है।
गंभीर बीमारी, दिव्यांगता, बच्चों की शिक्षा और पति-पत्नी की एक ही स्थान पर पदस्थापना जैसी परिस्थितियों की भी अनदेखी की गई है। इसके अतिरिक्त, सेवानिवृत्ति के निकट कर्मचारियों का भी स्थानांतरण किया गया।
पशु चिकित्सकों और सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों को मिलाकर कुल 166 स्थानांतरण विवादों में हैं।
शासन इन स्थानांतरणों की जांच कर रहा है।
एक से 16 जून तक की स्थानांतरण अवधि के दौरान विभाग के मंत्री लखन पटेल थे।
पिछले माह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पटेल से यह विभाग लेकर अपने पास रखा है, और पटेल को आनंद विभाग दिया गया है।

