बुलंद सोच, ग्वालियर।
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने प्रयागराज-हजरत निजामुद्दीन-प्रयागराज साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि में वृद्धि की है। यह स्पेशल ट्रेन अब अगस्त के अंत तक निर्धारित दिनों में अतिरिक्त फेरों के साथ संचालित होगी।
आठ अतिरिक्त फेरों का संचालन
रेलवे के अनुसार, प्रयागराज-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल ट्रेन (04123) का संचालन 29 जुलाई तक निर्धारित था। अब इसे 5 अगस्त से 30 अगस्त तक प्रत्येक बुधवार एवं रविवार को चलाया जाएगा। इसी प्रकार, हजरत निजामुद्दीन-प्रयागराज स्पेशल ट्रेन (04124) का संचालन 6 अगस्त से 31 अगस्त तक प्रत्येक गुरुवार एवं सोमवार को किया जाएगा। इस अवधि के दौरान ट्रेन के कुल आठ अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। यह ट्रेन 22 कोच के साथ संचालित हो रही है।
ट्रेन का विस्तृत मार्ग एवं समय-सारणी
प्रयागराज स्टेशन से ट्रेन अपराह्न 3.25 बजे चलकर शंकरगढ़, मानिकपुर, चित्रकूट, अतर्रा, बाँदा, महोबा, कुलपहाड़, हरपालपुर, मऊरानीपुर होते हुए रात 12.50 बजे झांसी पहुंचती है। झांसी में पांच मिनट रुकने के बाद यह रात 12.55 बजे झांसी से रवाना होकर ग्वालियर, धौलपुर, आगरा, मथुरा और कोसीकला में ठहराव लेकर सुबह 11.35 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचती है।
वापसी मार्ग की समय-सारणी
इसी तरह, हजरत निजामुद्दीन से यह ट्रेन अपराह्न 3.45 बजे चलकर रात 12.05 बजे झांसी पहुंचती है और अगले दिन सुबह 9.10 बजे प्रयागराज पहुंचती है।

