बुलंद सोच, राजगढ़।
राजगढ़ जिले में रविवार-सोमवार रात से हो रही तेज बारिश का असर सोमवार सुबह देखने को मिला। तेज बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए और निचली बस्तियों में पानी भर गया।
खिलचीपुर में गाड़गंगा नदी में बने जलमंदिर में दर्शन करने गए छह लोग नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से वहां फंस गए। पानी आसपास से बढ़कर उनके गले तक पहुंच गया था।
मंदिर में फंसे लोगों ने अपने परिचितों और सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा की, जिसके बाद एसडीएम ज्योति राजोरो और पुलिस मौके पर पहुंची।
स्थिति बिगड़ती देख कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा और एसपी अमित तोलानी भी खिलचीपुर पहुंचे। इसके उपरांत होमगार्ड, पुलिस और प्रशासन की टीम सक्रिय हुई।
लगभग तीन घंटे से अधिक समय तक वे लोग मंदिर में फंसे रहे। करीब 11:30 बजे बचाव टीम नाव की मदद से मंदिर पर पहुंची।
एसपी अमित तोलानी स्वयं नाव में सवार होकर बचाव टीम के साथ मंदिर पहुंचे और सभी छह लोगों को नाव के सहारे सुरक्षित बाहर निकाला गया।
अन्य प्रभावित क्षेत्र
उधर, खुजनेर के निचले हिस्सों में सुबह से ही पानी भरना शुरू हो गया था। यहां भी हालात का जायजा लेने के लिए कलेक्टर और एसपी पहुंचे।
लोगों की मदद के लिए खुजनेर की सड़कों पर नाव दौड़ती नजर आईं।
पचोर के समीप एक नाले में एक बस खराब हो गई, जिसके बाद सवारियों को मौके पर ही उतारा गया।
इसके अतिरिक्त, जिले के बोड़ा, ब्यावरा, उदनखेड़ी और खिलचीपुर के निचले हिस्सों में भी पानी भर गया।
पोषण पुनर्वास केंद्र से बच्चों को सुरक्षित निकाला गया
रंगपुर में तेज बारिश के कारण सिविल अस्पताल स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र में सुरक्षा की दृष्टि से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर उचित एवं सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। मंत्री गौतम टेटवाल ने भी सड़कों पर उतरकर स्थिति का जायजा लिया।
राजगढ़ में सड़क दुर्घटना
राजगढ़ में एक कार तालाब में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। देखते ही देखते कार पानी में समा गई थी।

