बुलंद सोच।

राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन (NSCAEM) के तहत मध्य प्रदेश ने देशभर में जांच के मामले में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। राज्यसभा में स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, मध्य प्रदेश में अब तक 1,33,69,993 (1.33 करोड़ से अधिक) लोगों की सिकल सेल जांच की जा चुकी है। देशभर में चिह्नित सिकल सेल मरीजों का 59.28% (लगभग 60 फीसदी) हिस्सा अकेले ओडिशा और मध्य प्रदेश में है। जांच में मध्य प्रदेश में 40,741 लोग सिकल सेल बीमारी से पीड़ित पाए गए हैं, जबकि 2,45,024 व्यक्ति ‘वाहक’ (कैरियर) के रूप में चिह्नित हुए हैं। मध्य प्रदेश सरकार जनजातीय बहुल इलाकों में आयुष्मान आरोग्य मंदिर से लेकर जिला अस्पतालों के माध्यम से इन मरीजों की डिजिटल ट्रैकिंग और मुफ्त इलाज (हाइड्रोक्सीयूरिया और फॉलिक एसिड वितरण) करा रही है। मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश के 17 प्रमुख जनजातीय बहुल राज्यों में अब तक 7.27 करोड़ (7,27,10,014) से ज्यादा लोगों की सिकल सेल जांच की जा चुकी है। इस राष्ट्रव्यापी जांच अभियान में 20,47,145 लोग सिकल सेल के ‘वाहक’ (कैरियर) पाए गए हैं, जबकि 2,49,167 लोग इस बीमारी से ‘पीड़ित’ पाए गए हैं। इस मिशन की निगरानी राष्ट्रीय सिकल सेल पोर्टल से की जा रही है।
राज्यवार मरीजों की स्थिति
सिकल सेल से ग्रसित मरीजों की सर्वाधिक संख्या ओडिशा में है, जहां 1,06,969 मरीज चिह्नित हुए हैं। इसके बाद मध्य प्रदेश में 40,741 मरीज, गुजरात में 30,548 मरीज और महाराष्ट्र में 30,017 मरीज पाए गए हैं। जांच के मामले में छत्तीसगढ़ सबसे आगे रहा, जहां रिकॉर्ड 1.78 करोड़ से ज्यादा लोगों का टेस्ट किया गया, जिसमें 28,384 लोग ग्रसित पाए गए हैं।

निःशुल्क जांच एवं उपचार सुविधा
सरकार आयुष्मान आरोग्य मंदिर (AAM), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) और जिला अस्पतालों के स्तर तक 0-40 वर्ष के आयु वर्ग के लोगों की मुफ्त जांच कर रही है। मरीजों को राहत प्रदान करने के लिए आवश्यक दवा ‘हाइड्रोक्सीयूरिया’ को राष्ट्रीय आवश्यक औषधि सूची में शामिल कर निचले स्तर के स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाया गया है।
सिकल सेल: वाहक और मरीज की पहचान
‘वाहक’ वह व्यक्ति होता है जिसे अपने माता-पिता में से किसी एक से सिकल सेल का दोषपूर्ण जीन विरासत में मिलता है, जबकि दूसरे माता-पिता से सामान्य जीन मिलता है। ऐसे व्यक्तियों में बीमारी के लक्षण दिखाई नहीं देते और वे एक सामान्य, स्वस्थ जीवन जीते हैं, साथ ही उन्हें किसी विशेष इलाज की आवश्यकता नहीं होती। हालांकि, वे इस दोषपूर्ण जीन को अपनी आने वाली पीढ़ी (बच्चों) में स्थानांतरित कर सकते हैं, इसीलिए इन्हें ‘वाहक’ कहा जाता है। ‘मरीज’ वह व्यक्ति होता है जिसे अपने माता-पिता दोनों से सिकल सेल का दोषपूर्ण जीन मिलता है। इस स्थिति में व्यक्ति के शरीर में सामान्य लाल रक्त कोशिकाएं (RBCs) नहीं बनतीं, बल्कि वे हंसिए (सिकल) के आकार की चिपचिपी और कड़क हो जाती हैं। इससे शरीर में खून और ऑक्सीजन का बहाव ठीक से नहीं हो पाता, जिससे गंभीर दर्द, एनीमिया (खून की कमी) और अंगों को नुकसान पहुंच सकता है। इन्हें नियमित चिकित्सा देखभाल, दवाओं (जैसे हाइड्रोक्सीयूरिया और फॉलिक एसिड) और निरंतर फॉलो-अप की आवश्यकता होती है।

बीमारी की पहचान और ऐतिहासिक संदर्भ
आंगनबाड़ी, आशा केंद्र, उपकेंद्र, सीएसपी और पीएचसी समेत अस्पताल में सॉल्युबिलिटी (घुलनशीलता) टेस्ट की सुविधा उपलब्ध है। इसमें एक किट की मदद से महज कुछ मिनटों में ही बीमारी की पहचान हो जाती है। बीमारी चिह्नित होने के बाद पैटर्न के लिए हीमोग्लोबिन इलेक्ट्रोफोरेसिस जांच कराई जाती है। वर्ष 1984 में, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) ने पहली बार मध्य प्रदेश के नर्मदा किनारे के जिलों को सिकल सेल एनीमिया प्रभावित ‘रेड जोन’ बताया था।

