BREAKING NEWS
2026-08-06

रिटायर्ड एसआई ने 4 साल की पोती के सामने बहू की चाकू मारकर हत्या की

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, सागर।

सागर के मकरोनिया स्थित गायत्री नगर में मंगलवार सुबह एक रिटायर्ड एसआई ने अपनी बहू की उसकी 4 साल की बेटी के सामने हत्या कर दी।

Advertisement

मृतका की पहचान 36 वर्षीय सविता दीक्षित के रूप में हुई है, जिसके पति देवेश दीक्षित पश्चिम बंगाल में बीएसएफ में तैनात हैं। आरोपी ससुर 65 वर्षीय रामनरेश दीक्षित रिटायर्ड एसआई हैं।

मंगलवार सुबह करीब 9 बजे रामनरेश दीक्षित के गायत्री नगर स्थित मकान से चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस मौके पर पहुंची तो एक कमरे में सविता दीक्षित का शव खून से सना पड़ा था। रामनरेश के दोनों हाथों में खून लगा था।

मकरोनिया पुलिस ने मामले में ससुर रामनरेश दीक्षित को हिरासत में ले लिया है। मकरोनिया थाना प्रभारी नितिन पाल ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

जानकारी के अनुसार, जिस समय यह वारदात हुई, सविता की 4 साल की छोटी बेटी पास में ही बिलख रही थी।

बताया गया कि सविता बड़ी बेटी को स्कूल छोड़ने के बाद घर लौटी थी, जिसके बाद छत पर उसकी सास से कहासुनी हुई। इसी दौरान ससुर रामनरेश ने उस पर पीछे से चाकू से हमला कर दिया।

मायके पक्ष के आरोप

पुलिस लाइन में रहने वाले मृतका के भाई मनीष नवेरिया ने आरोप लगाया है कि इस पूरी वारदात में जेठ, सास व ससुर शामिल थे।

मनीष नवेरिया ने यह भी बताया कि 27 अप्रैल को जेठ आशीष ने उनकी बहन के साथ मारपीट की थी, जिससे उनके दोनों हाथों में फ्रैक्चर आए थे।

विवादों के चलते मृतका के जीजा देवेश ने घर में कैमरे लगवाए थे। मनीष नवेरिया ने बेटी को उठाकर पटकने की बात को झूठा बताया।

मनीष नवेरिया के अनुसार, जब ससुर उनकी बहन पर चाकू से हमला कर रहा था, तब उनकी भांजी रोती-बिलखती रही।

पुलिस ने उनकी बड़ी भांजी के बयान लिए हैं, जिसमें उसने बड़े पापा आशीष द्वारा मां को परेशान करने की बात कही है।