बुलंद सोच, उज्जैन।
उज्जैन में महाकाल थाना पुलिस ने श्रावण मास में महाकाल सवारी के दौरान श्रद्धालुओं तथा सूने मकानों को निशाना बनाने की तैयारी कर रहे अंतरराज्यीय गिरोहों पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मंगलवार को तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर चोरी की योजना बना रहे तीन गिरोहों के कुल 19 आरोपितों को गिरफ्तार किया। आरोपितों के कब्जे से चाकू, धारदार बक्का, लोहे के पाइप, सरिए, पेचकस, लाठी और चाबियों के गुच्छे बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपित राजस्थान के भरतपुर, कोटा व कोटपुतली, हरियाणा के फरीदाबाद व पलवल, पंजाब के भटिंडा और मध्यप्रदेश के मुरैना व भोपाल के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपितों में राजस्थान के भरतपुर की कुख्यात लेडी गैंग की छह महिलाएं भी शामिल हैं। पूछताछ में दूसरे गिरोह के आरोपितों ने महाकाल सवारी के दौरान श्रद्धालुओं के मोबाइल, पर्स और चेन चोरी करने की वारदातें करना स्वीकार किया है।
पहली गिरफ्तारी: नृसिंह घाट कॉलोनी क्षेत्र
महाकाल थाना पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि कुछ महिलाएं नृसिंह घाट कॉलोनी और गौंड बस्ती क्षेत्र में सूने मकानों की रेकी कर चोरी की नीयत से घूम रही हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर गुड्डीबाई पत्नी बच्चू उर्फ रमेश माली, रेखा उर्फ सोनिया पत्नी राजकुमार माली, नीतूबाई पत्नी पप्पू माली, नरेशबाई पत्नी रविंद्र उर्फ राजू माली और सोनिया पत्नी खन्ना माली, सभी निवासी इकरन, जिला भरतपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। इनके साथ सपना पत्नी राजेंद्र सैनी निवासी तिकतोली छोटी खुर्द, जिला मुरैना को भी गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से धारदार बक्का, दो चाकू, लोहे का पाइप, लाठी, पेचकस और चाबियां बरामद हुई हैं। सभी के खिलाफ धारा 313 बीएनएस एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दूसरी गिरफ्तारी: स्मार्ट पार्किंग क्षेत्र
मुखबिर की सूचना पर स्मार्ट पार्किंग क्षेत्र के पास दबिश देकर पुलिस ने सूरज पुत्र बंशी बावरी निवासी कोटा (राजस्थान), सूरज पुत्र रमेश कुमार बावरी निवासी भटिंडा (पंजाब), मुकेश पुत्र डेनियल भूरिया निवासी भोपाल, अनील पुत्र बिलसन निवासी भोपाल, बिरपाल पुत्र विजेंद्र ठाकुर निवासी भरतपुर (राजस्थान) तथा सुरेश पुत्र रमेश जाटव निवासी कोटपुतली (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपितों ने महाकाल सवारी के दौरान मोबाइल, पर्स और चेन चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है।
तीसरी गिरफ्तारी: फरीदाबाद-पलवल गिरोह
महाकाल पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में हरियाणा के फरीदाबाद और पलवल के सात आरोपितों को चोरी की योजना बनाते हुए गिरफ्तार किया। इनमें रामवीर पुत्र दंदवा, बलिया पुत्र मजहर, अरमान पुत्र सलीम, अफजल पुत्र शेरू निवासी फरीदाबाद शामिल हैं। इनके साथ शरीफ पुत्र रमजान, रईस खान पुत्र रमजान खान और सतीश पुत्र फूलसिंह निवासी पलवल को भी गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से दो लोहे के सरिए, लोहे का पाइप, लाठी, धारदार चाकू और चाबियों का गुच्छा बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ जारी
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपितों से अन्य जिलों और राज्यों में हुई चोरी, चेन स्नैचिंग और जेबतराशी की वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। संभावना है कि पूछताछ में कई और घटनाओं का खुलासा हो सकता है।

