BREAKING NEWS
2026-07-25

शहडोल: झाड़-फूंक के विवाद में ओझा की टांगी से हमला कर हत्या

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, शहडोल।

शहडोल जिले के सीधी थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदौरा गांव में अंधविश्वास और झाड़-फूंक से जुड़े एक विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। कथित टोटका करने पहुंचे झाड़-फूंक करने वाले व्यक्ति राजबहोर सिंह पर टांगी से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस को इस हत्या मामले में पति-पत्नी पर संदेह है, हालांकि मामले की जांच जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल तत्काल मौके के लिए रवाना हुए।

विवाद की पृष्ठभूमि

पुलिस के अनुसार, बुद्धसेन सिंह और भीमसेन सिंह सगे भाई हैं। बताया गया कि बुद्धसेन के बच्चे अक्सर बीमार रहते थे, जिस कारण बुद्धसेन को संदेह था। बुद्धसेन को आशंका थी कि उसका छोटा भाई भीमसेन और उसकी पत्नी चंद्रकिरण जादू-टोना करते हैं, जिसके परिणामस्वरूप बच्चे बीमार पड़ते हैं। इसी शंका के चलते बुद्धसेन ने झाड़-फूंक करने वाले राजबहोर सिंह को अपने घर बुलाया था।

Advertisement

हमले की घटना

राजबहोर सिंह और बुद्धसेन, भीमसेन के घर के सामने कथित टोटका करने के उद्देश्य से नारियल गाड़ रहे थे। इसी दौरान आहट सुनकर भीमसेन और उसकी पत्नी चंद्रकिरण घर से बाहर आ गए। दोनों को देखकर बुद्धसेन और राजबहोर वहां से भागने लगे। भागते समय राजबहोर का जूता खेत में फंस गया, जिससे वह गिर पड़े। आरोप है कि इसी दौरान राजबहोर पर टांगी से हमला किया गया। यह वार उनकी कमर के रीढ़ वाले हिस्से में लगा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर चोट के कारण राजबहोर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने पर सीधी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी शिवेंद्र राम भगत ने बताया कि यह हत्या जादू-टोना के शक में की गई है। फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है। पुलिस ने संदेहियों को अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

जिले में पूर्व की घटना

गौरतलब है कि हाल ही में जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में भी जादू-टोना के शक में एक बुजुर्ग महिला की हत्या का मामला सामने आया था। उस मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया था।