बुलंद सोच, शहडोल।
शहडोल जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मैकी में एक दुखद हादसा हो गया, जहां खेलते समय एक आठ वर्षीय बालक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। मृत बालक की पहचान शिवम उर्फ शुभम नायक (8) के रूप में हुई है, जो नीलमणि नायक का पुत्र और ग्राम मैकी, थाना सोहागपुर का निवासी था।
जानकारी के अनुसार, बालक घर के आसपास खेल रहा था और इसी दौरान वह कुएं के पास चला गया तथा अचानक उसमें गिर गया। कुछ देर बाद परिजनों को बालक के कुएं में गिरने की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने तत्काल उसे कुएं से बाहर निकाला।
परिजनों द्वारा बालक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज शहडोल ले जाया गया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने बालक की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजन चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने की सूचना मिलते ही बेसुध हो गए। गांव में भी मातम का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
घटना की जानकारी जब बालक के स्कूल प्रबंधन को मिली, तो विद्यालय में शोक का माहौल छा गया। बालक की स्मृति में स्कूल में शोक सभा आयोजित की गई और उसके बाद विद्यालय की छुट्टी कर दी गई। मासूम की मौत से उसके सहपाठी और शिक्षक भी गमगीन हैं।
घटना की सूचना मिलने पर सोहागपुर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। मासूम की अचानक हुई मौत से परिवार के साथ पूरे गांव और स्कूल में शोक का माहौल बना हुआ है।

