बुलंद सोच, इंदौर।

उज्जैन में महाकाल की सवारी में शामिल होकर इंदौर लौट रहे भंवरकुआं क्षेत्र के दो दोस्तों की सोमवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई।
इंदौर और सांवेर के बीच सांवेर रोड पर उनकी बाइक को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
हादसे में अन्नू उर्फ अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल आकाश को एंबुलेंस की मदद से इंदौर के एमवाय अस्पताल लाया गया, जहां रात में इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
सांवेर थाना टीआई गिरिजाशंकर महोबिया के अनुसार, मृतकों की पहचान चितावद निवासी आकाश (26) पिता कमल बुराना और उसके साथी अन्नू उर्फ अनुराग के रूप में हुई है।
दोनों सोमवार को उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर परिसर से निकलने वाली सवारी में शामिल होने गए थे।
टक्कर लगने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
परिजनों के मुताबिक, आकाश निजी काम करता था और अपनी मां के साथ अलग रहता था।
परिवार में उसका एक बड़ा भाई है, जो पत्नी और बच्चों के साथ रहता है।
वहीं अन्नू उर्फ अनुराग भी एक दुकान पर काम करता था।
उसके परिवार में माता-पिता के अलावा भाई-बहन हैं।
अन्नू का पोस्टमार्टम सांवेर के अस्पताल में कराया जा रहा है।
दोनों युवकों की मौत की खबर से परिवार और परिचितों में मातम छा गया।

