BREAKING NEWS
2026-08-14

ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं से चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 10 सदस्य गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, खंडवा।

तीर्थस्थली ओंकारेश्वर में नर्मदा घाटों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का सामान चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का मांधाता पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

Advertisement

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 45 हजार रुपये नकद, सोने के मोती वाले दो ब्रेसलेट और दो कीपैड मोबाइल सहित कुल लगभग 1.02 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया गया है।

यह गिरोह त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस को लंबे समय से इस गिरोह की तलाश थी।

दो दिन पूर्व ओंकारेश्वर के ब्रह्मपुरी घाट पर परिवार के साथ स्नान करने आए एक श्रद्धालु के कपड़े और अन्य सामान के साथ 49 हजार रुपये चोरी हो गए थे। इसी प्रकार, नागर घाट पर स्नान के दौरान भी श्रद्धालुओं की थैली चोरी हुई थी।

पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों को गिरफ्तार किया। ओंकारेश्वर में डेरा डालकर इन वारदातों को अंजाम दे रहे बदमाशों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज बारीकी से खंगाले गए।

बदमाश भीड़ के दौरान बिस्किट थूक कर या सड़क पर नोट फेंक कर श्रद्धालुओं को झांसा देते थे और उनका सामान लेकर फरार हो जाते थे। इसी तरह, वे घाटों पर सुबह के समय स्नान कर रहे लोगों के कपड़ों, कीमती सामान और नकदी को भी निशाना बनाते थे।

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के वाकीपाड़ा, नवापुर निवासी 26 वर्षीय अमर पुत्र नारायण नायडू, 40 वर्षीय मुरली पुत्र रामप्रसाद नायडू, 20 वर्षीय विजय पुत्र मारमुत्तु नायडू तथा 35 वर्षीय शिव कुमार पुत्र वेंकटेश स्वामी शामिल हैं।

इनके अतिरिक्त, उज्जैन के अमरनगर, दारू गोदाम/मक्सी रोड, थाना चिमनगंज निवासी 56 वर्षीय लक्ष्मीबाई पत्नी रामलाल गायकवाड, 35 वर्षीय दुर्गाबाई पुत्र अजय गायकवाड, 40 वर्षीय चंदू पुत्र रामलाल गायकवाड, 23 वर्षीय शक्ति पुत्री चंदू गायकवाड, 30 वर्षीय अशोक पुत्र राजू उर्फ कुर्बान गायकवाड और सिनू पुत्र बालू गायकवाड को भी गिरफ्तार किया गया है।

अन्य स्थानों पर भी मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार, आरोपी अमर के खिलाफ लखनऊ में चोरी के तीन और मुरली के खिलाफ दमन दीव में चोरी का एक अपराध दर्ज है।

सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

पुलिस टीम की भूमिका

ओंकारेश्वर में भीड़ के बीच बदमाशों को पकड़ने में थाना प्रभारी निरीक्षक अनोखसिंह सिंदया, उनि प्रकाश मण्डलोई, उनि चेतना चौहान, प्रआर भगवान धनगर, कृपाराम परिहार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।