बुलंद सोच, शहडोल।
शहडोल जिले के देवलोंद थाना क्षेत्र के ग्राम धरी नंबर-01 में पुरानी रंजिश के चलते एक वारदात हुई है। इस घटना में घर के सामने बैठे चाचा-भतीजे पर दो आरोपियों ने ट्रैक्टर चढ़ा दिया।
वारदात में 45 वर्षीय रामप्रताप कोरी की गंभीर चोटों के कारण मृत्यु हो गई, जबकि उनके भतीजे दुर्गा कोरी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल दुर्गा कोरी को उपचार के लिए बाणसागर परियोजना चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर देवलोंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस वारदात के बाद अस्पताल और गांव में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके चलते बड़ी संख्या में ग्रामीणों के अस्पताल पहुंचने पर एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह कोई दुर्घटना नहीं बल्कि पुरानी रंजिश के चलते की गई एक सुनियोजित वारदात है।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद इस मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि आरोपी आकाश बैस और मयंक कोरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
फिलहाल, गांव में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

