BREAKING NEWS
2026-08-14

शिवपुरी में 7 वर्षीय मासूम की पेट दर्द से मौत, पोते के वियोग में दादी ने भी तोड़ा दम

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, शिवपुरी।

शिवपुरी जिले के कोलारस स्थित ग्राम धामनटूक निवासी एक सात वर्षीय मासूम बच्चे की पेट दर्द के कारण अप्रत्याशित मृत्यु हो गई। पोते की मृत्यु का गम उसकी दादी बर्दाश्त नहीं कर सकीं और उन्होंने भी पोते की मौत के कुछ देर बाद ही दम तोड़ दिया।

Advertisement

मृतक मासूम की पहचान अंशुल पुत्र परमाल धाकड़ के रूप में हुई है, जिसकी उम्र सात साल थी। अंशुल जवाहर नवोदय विद्यालय की तैयारी के लिए कोलारस में अपनी दादी शांति बाई के साथ रहता था। दादी ही उसकी मां, दोस्त और उसकी पूरी दुनिया थीं।

शुक्रवार की रात अचानक अंशुल के पेट में तेज दर्द उठा। तबीयत बिगड़ती देख दादी शांति बाई घबरा गईं और उन्होंने तुरंत अपने छोटे बेटे परमाल धाकड़ को फोन लगाया।

सूचना मिलते ही परमाल अगली सुबह कोलारस पहुंचा और बेटे अंशुल को लेकर शिवपुरी के एक निजी अस्पताल पहुंचा। डॉक्टरों ने जांच के बाद अंशुल को मृत घोषित कर दिया।

बेबस पिता परमाल वापस कोलारस आए और गांव जाते समय अपनी मां शांति बाई को गाड़ी में बिठाकर साथ ले लिया। रास्ते में जब शांति बाई को पता चला कि उनका लाड़ला पोता अब इस दुनिया में नहीं है, तो उनका कलेजा फट गया।

पोते की मृत्यु का समाचार सुनकर वे रो-रोकर बेहाल हो गईं और उनकी तबीयत बिगड़ गई। पोते के वियोग में तड़प रही दादी शांति बाई ने भी अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। पोते के बिना दादी एक पल भी जी न सकीं।

बताया जा रहा है कि अंशुल, परमाल धाकड़ का इकलौता बेटा था। घर का इकलौता चिराग बुझते ही घर में अंधेरा छा गया। इस दिल को झकझोर देने वाली घटना ने पूरे गांव को रुला दिया।

एक ही घर से एक साथ दादी और पोते की अर्थी उठी तो देखने वालों की आंखें नम हो गईं।