बुलंद सोच, सीधी।
सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भलकी में एक मां ने अपनी 5 दिन की नवजात बच्ची को पानी से भरे नीले ड्रम में डुबोकर मार डाला। पुलिस ने आरोपी मां सोनू पटेल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पिता की शिकायत
गांव के निवासी पंकज पटेल ने चुरहट थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी पत्नी सोनू पटेल ने उनकी 5 दिन की बेटी को ड्रम में फेंककर मार दिया। पंकज पटेल के अनुसार, वह अपनी पत्नी को बच्ची को दूध पिलाने के लिए कहकर धान की रोपाई करने खेत चले गए थे। कुछ देर बाद उनकी बहन ने फोन पर जानकारी दी कि बच्ची घर में नजर नहीं आ रही है। सूचना मिलते ही परिजन मासूम की तलाश में जुटे और तुरंत पुलिस को भी सूचित किया गया। घर की तलाशी के दौरान, कमरे में रखे एक नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम का ढक्कन खोलने पर परिजनों ने नवजात बच्ची का शव ड्रम में भरे पानी के अंदर तैरता हुआ पाया।
हत्या का कारण और पुलिस कार्रवाई
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी महिला सोनू पटेल की पहले से एक बेटी थी। दूसरी बेटी के जन्म के बाद से वह मानसिक रूप से काफी परेशान चल रही थी और इस नवजात बच्ची का पालन-पोषण नहीं करना चाहती थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी मां के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया था।

