BREAKING NEWS
2026-08-01

सागर में हरिद्वार से लौट रहे कांवड़ यात्री पर हमला, सिर में गंभीर चोट

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, सागर।

सागर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव कुडारी में हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे श्रद्धालुओं पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है।

मंदिर परिसर में विश्राम के दौरान हुए विवाद में आरोपियों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर एक कांवड़िए का सिर फोड़ दिया। इस हमले में कोमल पटेल के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि उनके साथ मौजूद अन्य लोग भी घायल हो गए।

Advertisement

जानकारी के अनुसार, राजा बेलहरा निवासी 45 वर्षीय कोमल पटेल अपने बेटे के साथ हरिद्वार से कांवड़ लाकर महादेव घाट जा रहे थे। रास्ते में वे दोनों ग्राम कुडारी स्थित मंदिर परिसर में कुछ देर विश्राम के लिए रुके थे।

आरोप है कि इसी दौरान मंदिर के पास शराब पी रहे कुछ लोगों से उनकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने आपा खो दिया और कांवड़ियों पर हमला बोल दिया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों रत्नेश जैन, राजेश यादव और राजेंद्र साहू के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

थाना प्रभारी का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।