बुलंद सोच, बालाघाट।
डबल मनी प्रकरण की जांच कर रही एसआईटी ने मंगलवार को मास्टरमाइंड सोमेंद्र कंकरायने की दो कारें (हैरियर और इनोवा) जब्त कर ली हैं। आरोपित सोमेंद्र इन गाड़ियों का इस्तेमाल करता था। हैरियर क्रमांक सीजी 04 एमआर 9341 और इनोवा क्रमांक एमपी 50 सीए 1074 को सीएसपी कार्यालय में खड़ा कराया गया है। सूत्रों के अनुसार, इनोवा कार गोंदिया से और हैरियर कार ग्वालियर से जब्त की गई है। हैरियर सोमेंद्र की सबसे पसंदीदा कारों में से एक थी।
एसआईटी ने उन व्यक्तियों को हिरासत में लिया है, जिनके पास से दोनों कारें बरामद की गई हैं। हालांकि, एसआईटी ने फिलहाल उनके नामों का खुलासा नहीं किया है। एसआईटी अब उनसे पूछताछ करेगी।
20 जुलाई को गिरफ्तारी के बाद सोमेंद्र ने पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वीकार किया था कि उसकी हैरियर कार लांजी के पूर्व विधायक रमेश भटेरे के सुरक्षा गार्ड के पास थी। इन कारों के अस्थाई मालिकों को लेकर जांच की जा रही है। सुरक्षा गार्ड के मंडला जिले में स्थानांतरण की बात भी सामने आई थी। एसआईटी अब इन कारों के अस्थाई मालिकों को लेकर जांच के दायरे को बढ़ा सकती है।

